कोरोना महामारी से निपटने के लिए भरा जोश
आज भारतीय जनता पार्टी सदर मण्डल की वर्चुअल रैली का आयोजन किया गया।
संवाद सहयोगी, बिलासपुर : भाजपा सदर मंडल की रविवार को हुई वर्चुअल रैली में कोरोना महामारी से निपटने के लिए किए जा रहे कार्यो के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने विधायक सुभाष ठाकुर की पीठ थपथपाई। विधायक ने भी पार्टी द्वारा आम जनता की सेवा और उन्हें पहुंचाई राहत की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने विधायक और पार्टी के हर कार्यकर्ता की सराहना कर आगे भी इसी भावना से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
इससे पहले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर और सदर के विधायक सुभाष ठाकुर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने रैली के सफल आयोजन के लिए सदर की जनता को बधाई दी। रैली में केंद्र सरकार की एक वर्ष की उपलब्धियां भी गिनाई गई। इस दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने एक वर्ष में ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। इनमें जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35ए को हटाकर एक देश एक निशान और एक विधान के नारे को सार्थक किया। तीन तलाक पर कानून बनाकर मुस्लिम महिलाओं को राहत पहुंचाई। राम मंदिर के निर्माण के लिए कानूनी लड़ाई लड़कर इस फैसले को शांतिपूर्ण तरीके से लागू किया। नागरिकता संशोधन कानून बना कर पीड़ित लोगों को उनका हक दिया। पहली बार किसान सम्मान योजना लागू कर किसानों को 6000 रुपये प्रति वर्ष दिया जा रहा है। यूएपीए एक्ट में संशोधन किया गया। छोटे व्यापारियों को पेंशन स्कीम लाई गई। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना शुरू की गई।
वहीं विधायक सुभाष ठाकुर ने कहा कि उन्होंने कोरोना जैसी वैश्विक महामारी में भी सदर की जनता के साथ मिलकर कार्य किया है। जनता के साथ मिलकर प्रवासी लोगों तथा गरीबों को खाने के 39200 पैकेट और सूखे राशन की 8600 किट वितरित की। सदर की जनता ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 30,00,000 और पीएम केयर्स फंड में 10,00,000 रुपये का सहयोग किया। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र में 45000 मास्क वितरित किए। 43200 लोगों के मोबाइल फोन में आरोग्य सेतु एप भी डाउनलोड करवाई। इसके अलावा सस्ते दाम पर प्याज और आलू का प्रावधान किया गया। इसके तहत 2000 क्विंटल प्याज और 1300 क्विंटल आलू हर गांव तक पहुंचाया गया।