विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल के बिलासपुर में शालूघाट-जब्बलपुल सड़क की हालत खस्ता, ट्रक ऑपरेटरों और ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

Published: Fri, 18 Sep 2026 02:30 PM (IST)

ट्रक ऑपरेटरों और ग्रामीणों ने बिलासपुर में शालूघाट-जब्बलपुल सड़क की खराब हालत को लेकर जिला प्रशासन से मुलाकात की।

ट्रक ऑपरेटरों और ग्रामीणों ने बिलासपुर में शालूघाट-जब्बलपुल सड़क (जागरण फोटो)

ट्रक ऑपरेटरों और ग्रामीणों ने बिलासपुर में शालूघाट-जब्बलपुल सड़क (जागरण फोटो)

HighLights

  1. शालूघाट-जब्बलपुल सड़क की खराब हालत से ग्रामीण और ऑपरेटर आक्रोशित।

  2. जिला प्रशासन से सड़क मरम्मत और पीडब्ल्यूडी को हस्तांतरण की मांग की।

  3. मांगें न मानने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी गई।

जागरण संवाददाता, बिलासपुर। सीमेंट कंपनी बागा और मलोखर-खारसी को जोड़ने वाले शालूघाट-जब्बलपुल मार्ग की खस्ताहालत से रोषित ग्रामीणों और ट्रक आपरेटरों ने जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

शुक्रवार को रानी कोटला परिवहन सभा के प्रधान एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य प्रेम सिंह ठाकुर की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त बिलासपुर से मुलाकात की और सड़क की दशा सुधारने के लिए तुरंत हस्तक्षेप की मांग का ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को अवगत कराया कि शालूघाट से जब्बलपुल तक का मुख्य मार्ग गड्ढों के समंदर में तब्दील हो चुका है।

इस मार्ग पर रोजाना करीब 2000 सीमेंट से लदे ट्रक व अन्य वाहन आवागमन करते हैं। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण आए दिन ट्रक चालकों के वाहनों के कलपुर्जे टूट रहे हैं, जिससे उन्हें हजारों रुपये का आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। यही नहीं, उड़ती धूल से सड़क किनारे बसे गांवों के लोगों का जीना दुश्वार हो गया है और वे सांस से जुड़ी बीमारियों के शिकार हो रहे हैं।

आपरेटरों ने आरोप लगाया कि यह सड़क अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी के अधीन आती है, लेकिन बार-बार ध्यान दिलाने के बावजूद कंपनी प्रबंधन इसकी मरम्मत की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन से पुरजोर मांग की कि इस मार्ग का जिम्मा कंपनी से वापस लेकर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को स्थानांतरित किया जाए, ताकि इसकी नियमित मरम्मत और रखरखाव हो सके।

आपरेटरों और ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया गया तो वे सड़कों पर उतरकर उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और सीमेंट कंपनी प्रबंधन की होगी।

इस मौके पर धारटटोह से बीडीसी सदस्य कुलदीप ठाकुर, पूर्व बीडीसी आत्म देव, खारसी परिवहन सभा के पूर्व महासचिव दौलत सिंह ठाकुर, भूतपूर्व सैनिक परिवहन सभा के प्रधान कैप्टन सुरेंद्र, अशोक कुमार, धर्मपाल, रोशन लाल, तरसेम और बाबू राम ठाकुर सहित कई ऑपरेटर उपस्थित रहे।