विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिलासपुर पुलिस ने कंदरौर में मकान में दी दबिश, महिला समेत 5 लोग चिट्टे की बड़ी खेप के साथ पकड़े

By Munish Ghariya Edited By: Rajesh Sharma
Published: Thu, 09 Jul 2026 03:24 PM (IST)

हिमाचल पुलिस ने बिलासपुर के कंदरौर में एक मकान पर छापा मारकर 11.2 ग्राम चिट्टा बरामद किया। इस मामले में ...और पढ़ें

बिलासपुर में पुलिस ने चिट्टे के साथ पांच लोग पकड़े हैं।

बिलासपुर में पुलिस ने चिट्टे के साथ पांच लोग पकड़े हैं।

संवाद सहयोगी, बिलासपुर। हिमाचल पुलिस की नशा तस्करों के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत बिलासपुर थाना की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कंदरौर क्षेत्र के एक रिहायशी मकान से 11.2 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। इस मामले में एक महिला समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब बरामद चिट्टे की खरीद-फरोख्त और इसके पूरे सप्लाई नेटवर्क की गहन जांच में जुट गई है।

पुलिस के अनुसार 7 जुलाई 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर सदर थाना पुलिस की टीम ने कंदरौर स्थित एक रिहायशी मकान में नियमानुसार तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान वहां से 11.2 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

इन्हें किया गिरफ्तार

मौके से पुलिस ने सुरजीत सिंह उर्फ कालू निवासी कंदरौर, शंकर दयाल निवासी बल्ही-झलेड़ा, हंसराज निवासी घरबसड़ा, शीतल उर्फ डेजी निवासी डियारा तथा विपन कुमार निवासी मैहरन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ पुलिस थाना सदर में अभियोग संख्या 165/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है। 

कहां से लाए थे नशा

पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और किन-किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जा रही थी। इसके साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। 

किसी को नहीं बख्शेगी पुलिस : एसपी

एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने कहा कि जिला बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

यह भी पढ़ें: हिमाचल के किन्नौर में फ्लैश फ्लड: नाले में मलबा डंप होने से पानी का बहाव रुका; लिप्पा गांव और पुल पर मंडराया खतरा