पंचायत चुनाव में एक और लापरवाही, बिलासपुर में पोलिंग पार्टी के 4 सदस्य सस्पेंड; मतपेटियों की कर दी थी अदला-बदली
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में पंचायत चुनाव के दौरान मतपेटियों की अदला-बदली के मामले में लापरवाही सामने आई है। इस ...और पढ़ें

हिमाचल पंचायत चुनाव में लापरवाही पर पोलिंग पार्टी के चार सदस्य सस्पेंड किए गए हैं।
HighLights
बिलासपुर पंचायत चुनाव में मतपेटियों की अदला-बदली हुई।
लापरवाही के आरोप में चार पोलिंगकर्मी निलंबित किए गए।
मामले की विस्तृत जांच के आदेश, सात दिन में रिपोर्ट।
जागरण संवाददाता, बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश पंचायत चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान जिला बिलासपुर में लापरवाही सामने आई। विकास खंड बिलासपुर सदर की पंचायत बामटा में मतपेटियों की अदला-बदली करने वाली पोलिंग पार्टी के चारों सदस्य निलंबित कर दिए हैं। इसके साथ ही इनके खिलाफ जांच बिठा दी है और सात दिन में रिपोर्ट देने के भी निर्देश दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार को बामटा पंचायत में मतदान के बाद पंचायत प्रधान, उपप्रधान व वार्ड पंच की मतपेटियां मतगणना स्थल पर सहायक रिटर्निंग अधिकारी (एआरओ) बामटा के पास जमा करवानी थीं व पंचायत समिति की मतपेटियां बिलासपुर कॉलेज स्थित स्ट्रांग रूम जानी थीं। पोलिंग पार्टी ने बामटा पंचायत के वार्ड नंबर छह निहाल के वार्ड पंच वाली पेटी स्ट्रांग रूम को ही भिजवा दी।
हंगामे के बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम
जब मतगणना प्रक्रिया शुरू हुई तो पता चला कि मतपेटियां बदल गई हैं। इसके चलते स्थानीय लोगों और उम्मीदवारों ने हंगामा किया और प्रशासन को सूचित किया। इस पर देर रात एसडीएम बिलासपुर डा. राजदीप मौके पर पहुंचे और स्ट्रांग रूम से पेटी मंगवाकर मतगणना शुरू करवाई। विवाद के कारण पंचायत में मतगणना में बहुत समय लग गया। करीब ढाई बजे पंचायत का परिणाम घोषित हुआ है।
इन पर हुई कार्रवाई
पोलिंग पार्टी के पीठासीन अधिकारी कुलदीप सिंह (प्रवक्ता, डाइट जुखाला), मतदान अधिकारी विनोद कुमार (टीजीटी, राजकीय उच्च पाठशाला देलग), देश राज (वरिष्ठ सहायक, राज्य विद्युत बोर्ड मंडल बिलासपुर) व विद्या सागर (लिपिक पशु पालन विभाग बिलासपुर) का निलंबित किया है।
इन्हें जांच अधिकारी किया नियुक्त
इसके साथ ही रिटर्निंग अधिकारी बिलासपुर ने लापरवाही की विस्तृत जांच के लिए डा. सुरजीत चंदेल (सह आचार्य एवं आरक्षित सहायक रिटर्निंग अधिकारी) को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। जांच अधिकारी को मामले की त्वरित जांच कर अगले सात दिनों के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट कार्यालय को सौंपने के निर्देश दिए हैं।
क्या कहते हैं अधिकारी
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने कहा कि मतपेटियों को लेकर लापरवाही करने वाली पोलिंग पार्टी के चारों सदस्यों को निलंबित कर दिया है और जांच बिठा दी है।
