जैसे कर्म करोगे वैसा फल देगा भगवान : शशि शर्मा
उपमंडल घुमारवी के तहत आने वाली कुठेड़ा पंचायत के अधीन कुठेड़ा वन विश्राम गृह के पास चल रही श्री मदभगवत कथा के पांचवें दिन पंडित शशि पाल शर्मा ने कहा कि
संवाद सहयोगी, कुठेड़ा : उपमंडल घुमारवीं के तहत आने वाली कुठेड़ा पंचायत के अधीन कुठेड़ा वन विश्राम गृह के पास चल रही श्री मद्भागवत कथा के पांचवें दिन पंडित शशिपाल शर्मा ने कहा कि भगवान सभी की रक्षा करते हैं, अगर व्यक्ति अपने आपको प्रभु को समर्पित करते हुए हर कार्य करे तो उसे सफलता अवश्य मिलती है। इस भवसागर से पार लगाने का मंत्र अगर कोई है तो प्रभु नाम का जाप है। व्यक्ति को हर समय प्रभु का गुणगान करते रहना चाहिए। कथा के दौरान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। कथावाचक पंडित शशि शर्मा ने बताया कि जब कृष्ण का जन्म हुआ तो कंस के जेल प्रहरी सो गए और आकाशवाणी हुई कि वासुदेव कृष्ण को लेकर नंद के घर जाइए। वहां जन्मी पुत्री लेकर जेल में लौट आएं। वासुदेव बाल कृष्ण को लेकर रवाना हुए तो जेल के दरवाजे अपने आप खुलते चले गए और यमुना पार करते हुए वासुदेव गोकुल पहुंच गए। नंद के घर श्रीकृष्ण को छोड़कर उनकी पुत्री लेकर लौट आए। इंसान को बुरे कर्म से बचना चाहिए। बुरे कर्म की सजा जरूर भुगतनी पड़ती है। इसलिए अच्छे कर्म करेंगे तो प्रतिफल भी अच्छा ही मिलेगा। कथा के बीच-बीच में गाए भजनों पर श्रद्धालुओं ने भाव विभोर होकर नृत्य भी किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।