अब कंप्यूटर व इंटरनेट ने आसान कर दिया है मतदान का काम
मत का प्रयोग करना बहुत जरूरी है लेकिन मत का प्रयोग भी सही तरीके से होना भी बहुत जरूरी है।
बुजुर्ग मतदाता
मतदाता पहले भी जागरूक था लेकिन इतना नहीं था जितना अब है। अब समय के साथ मतदाता भी जागरूक हो चुका है। देश को आगे तक पहुंचाने और देश में स्वच्छ व ईमानदार सरकार बनाने में मतदाता की अहम भूमिका होती है। यदि हम मतदान के प्रति जागरूक नहीं हैं तो विकास के प्रति कैसे जागरूक होंगे। यह कहना है स्वारघाट के छाम्ब निवासी 85 वर्षीय रामा नंद का।
उनका मानना है कि वोट का प्रयोग करना बहुत जरूरी है लेकिन इसका प्रयोग भी सही तरीके से होना जरूरी है। क्योंकि मतदान का बड़ा महत्व है। आजादी के बाद से जब से मतदान किया उस समय पेटी में वोट डालकर मतदान होता था। समय बदला तकनीक भी बदली तो सभी को नई तकनीक के साथ ही चलना चाहिए। पुराने समय में मतदाताओं को जागरूक करने के तरीके भी कम थे लेकिन आज कंप्यूटर का युग है मोबाइल का जमाना है तरह-तरह की जानकारियां मोबाइल पर ही मिल जाती हैं। उस समय सारा काम हाथ से लिखकर किया जाता था अब कंप्यूटर व इंटरनेट ने काम आसान कर दिया है। पहले मतदाताओं को लंबी लाइनों में खड़े होकर लंबा इंतजार करना पड़ता था अब जल्द ही मतदान की प्रक्रिया शुरू हो जाती है।
रामानंद बताते हैं कि पहले चुनाव के लिए मतदान केंद्र भी दूर होते थे। ऐसे में लंबा समय लग जाता था तथा कई बार तो पूरा दिन भी लग जाता था लेकिन अब बूथ केंद्र भी नजदीक हैं। अब आने-जाने की सुविधाएं भी बहुत हैं। अब तो चुनाव आयोग ने मतदाताओं को बहुत सारी सुविधाएं प्रदान की हैं। इसके अलावा दिव्यागों के लिए भी विशेष व्हीलचेयर की सुविधा प्रदान की जाती है। चुनाव के इस महापर्व में युवा से लेकर सभी वर्गो को मतदान करना चाहिए, जिससे एक मजबूत व ईमानदार लोकतंत्र का चुनाव हो सके।
(दैनिक जागरण आपकी दीर्घायु की कामना करता है।)