एम्स बिलासपुर में लोगों के सामान से हाथ साफ करते दो शातिर चोर गिरफ्तार, 43 हजार की नकदी और मोबाइल बरामद
बिलासपुर एम्स में तीमारदारों के बैग से चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को पुलिस ने रंगे हाथ दबोचा है।

पुलिस ने दो आरोपी किए गिरफ्तार (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
एम्स बिलासपुर में तीमारदारों के बैग से चोरी करते दो पकड़े।
आरोपितों से 43,340 रुपये नकद और कीमती मोबाइल फोन बरामद।
एक आरोपी हाल ही में जमानत पर छूटकर आया था, आदतन अपराधी।
जागरण संवाददाता, बिलासपुर। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) बिलासपुर के ए-ब्लॉक में मरीजों का इलाज कराने पहुंचे तीमारदारों की मजबूरी का फायदा उठाकर चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को पुलिस ने रंगे हाथ दबोचने में सफलता हासिल की है।
आरोपितों के कब्जे से चोरी किया गया बैग, 43 हजार 340 रुपये की नकदी और एक कीमती मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पकड़े गए आरोपितों में से एक हाल ही में जेल से जमानत पर बाहर आया था। जानकारी के अनुसार सोमवार को एम्स के ए-ब्लॉक में तीमारदारों के सोने होने का फायदा उठाकर दो युवकों ने उनका बैग पार कर दिया।
जैसे ही स्वजनों को बैग गायब होने का अहसास हुआ, परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर नाकाबंदी की और मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों संदिग्धों को बैग समेत दबोच लिया।
आरोपितों की पहचान शिवम और साहिल खान निवासी लगमनवी व जाहू तहसील भोरंज, जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने जब दोनों के पास मौजूद बैग की तलाशी ली, तो उसमें से 43,340 रुपये की नकदी और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
\जेल से छूटते ही फिर दिया वारदात को अंजाम पुलिस की प्रारंभिक जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपित साहिल खान एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ बिलासपुर जिले के थाना भराड़ी में गत 30 अगस्त को मोटरसाइकिल चोरी का मामला दर्ज हुआ था।
वह महज दो दिन पहले ही जबली जेल से जमानत पर रिहा होकर बाहर आया था और बाहर आते ही उसने फिर से चोरी की वारदात को अंजाम दे डाला। पुलिस अब दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि क्षेत्र में हुई अन्य चोरियों का भी सुराग लगाया जा सके।
