विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एम्स बिलासपुर में थाईलैंड के डायलिसिस फ्लूइड सैंपल गुणवत्ता जांच में फेल, विभाग ने उत्पाद जब्त करने के दिए आदेश

Published: Fri, 11 Sep 2026 03:59 PM (IST)

एम्स बिलासपुर में थाईलैंड की एक कंपनी के दो डायलिसिस फ्लूइड सैंपल गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे। दवा नियंत्रण ...और पढ़ें

एम्स बिलासपुर में थाईलैंड के डायलिसिस फ्लूइड सैंपल गुणवत्ता जांच में फेल (फाइल फोटो)

एम्स बिलासपुर में थाईलैंड के डायलिसिस फ्लूइड सैंपल गुणवत्ता जांच में फेल (फाइल फोटो)

HighLights

  1. एम्स बिलासपुर में थाईलैंड के दो डायलिसिस फ्लूइड सैंपल फेल

  2. दवा नियंत्रण विभाग ने एम्स को उत्पाद सीज करने का नोटिस दिया

  3. विभाग थाईलैंड की निर्माता कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी में जुटा

जागरण संवाददाता, बिलासपुर। एम्स बिलासपुर में इस्तेमाल किए जा रहे थाईलैंड की दवा निर्माता कंपनी के दो पेरीटोनियल डायलिसिस फ्लूइड मानकों पर खरे नहीं उतरे।

दवा नियंत्रण विभाग बिलासपुर की टीम ने एम्स के नेफ्रोलाजी और पीकू वार्ड से छह जुलाई को लिए पेरीटोनियल डायलिसिस साल्यूशन विद 1.5 प्रतिशत डेक्सट्रोज आइपी और पेरीटोनियल डायलिसिस साल्यूशन विद 2.5 प्रतिशत डेक्सट्रोज आइपी के सैंपल प्रयोगशाला भेजे थे। विभाग ने एम्स प्रशासन को नोटिस जारी किया है और संबंधित प्रोडक्ट को सीज करने के आदेश दिए हैं।

ये फ्लूइड पेरीटोनियल डायलिसिस में इस्तेमाल किए जाते हैं। विभाग पता लगाने में जुटा है कि ये उत्पाद एम्स बिलासपुर तक किस माध्यम से पहुंचे और इन्हें अस्पताल में किस प्रक्रिया के तहत उपलब्ध करवाया गया।

विभाग ने कंपनी और उसके उत्पाद से जुड़ा पूरा ब्योरा मांगा है। पेरीटोनियल डायलिसिस किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों के उपचार की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है।

इसमें विशेष डायलिसिस साल्यूशन का इस्तेमाल किया जाता है। दवा नियंत्रण विभाग अब थाईलैंड की संबंधित निर्माता कंपनी के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी में है। विभाग के अनुसार कंपनी से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है और जांच के बाद कंपनी को भी नोटिस जारी किया जाएगा।

बिलासपुर एम्स में थाईलैंड की दवा निर्माता कंपनी के दो सैंपल फेल पाए गए हैं। इस संदर्भ में दवा नियंत्रण विभाग बिलासपुर को आदेश जारी किए गए हैं और कंपनी का रिकॉर्ड एम्स प्रशासन से तलब किया जा रहा है। -मनीष कपूर, राज्य दवा नियंत्रक।