झगड़े के 19वें दिन युवक की मौत, पुलिस ने केस में हत्या की धारा जोड़ी
परिजनों ने ललित के दोस्त के साले कर्ण पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में पहले झगड़े का केस दर्ज किया था जिसमें अब हत्या की धारा भी जोड़ दी गई।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : दोस्त के साले के साथ एक जुलाई को हुए झगड़े में गंभीर रूप से घायल हुए कैंप निवासी 24 वर्षीय ललित की रविवार को मौत हो गई। परिजनों ने ललित के दोस्त के साले कर्ण पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में पहले झगड़े का केस दर्ज किया था जिसमें अब हत्या की धारा भी जोड़ दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौंप दिया है। अब आरोपित की तलाश की जा रही है। गर्दन पर किया था तेजधार से वार
जयपाल ने बताया कि उसका छोटा भाई ललित फर्नीचर पर पॉलिस करता था। ललित के दोस्त हैप्पी ने घर से कुछ दूरी पर रहने वाली लड़की के साथ लव मैरिज की थी। एक जुलाई को हैप्पी पत्नी के साथ ससुराल जा रहा था। रास्ते में ललित भी उन्हें मिल गया। ललित उनके साथ हैप्पी की ससुराल में चला गया। ससुराल में हैप्पी का पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। ललित उनके झगड़े में बीच बचाव करने लगा। तभी हैप्पी का साला कर्ण को धमकाने लगा और वहां से उसे भगा दिया। जयपाल के मुताबिक कर्ण ने ललित को धमकी दी कि 15 मिनट बाद देखना वह उसका क्या हाल करता है। आरोप है कि ललित जब घर लौट रहा था तो कर्ण ने किसी तेजधार हथियार से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सात जुलाई को दी थी छुट्टी
गर्दन और हाथ पर चोट लगने के कारण ललित को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। सात जुलाई को उसे छुट्टी देकर घर भेज दिया गया। तब से वह घर पर ही था। शनिवार रात को वह खाना खाकर सो गया था। रविवार तड़के उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई। जिसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर गए जहां पर डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। गांधी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। हमले के बाद कर्ण ने बदला हुलिया
मृतक की परिचित सुनीता चौहान का कहना है कि जब ललित की गर्दन पर पीछे से वार किया गया तो उसने आरोपित को धक्का मारा था। इससे एक नाखून कर्ण के सीने में लगा था। तब कर्ण ने लंबे बाल रखे हुए थे। परंतु अब उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए बाल कटवा लिए हैं। पुलिस ने इस मामले में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की। हत्यारोपित सरेआम घूम रहा है। हत्या की धारा जोड़ दी है : अजीत सिंह
गांधी नगर थाना प्रभारी अजीत सिंह का कहना है कि इस मामले में पहले से ही मारपीट का केस दर्ज है। अब इसमें हत्या की धारा जोड़ दी है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार किया जाएगा।