मोबाइल चोरी के शक में युवक को पीटकर मार डाला, घटना की वीडियो बनाकर डाली
हरियाणा के यमुनानगर में कुछ श्रमिकों ने मोबाइल चोरी के शक में एक युवक को पकड़ लिया और इसके बाद उसको रस्सियों से बांधकर पीट-पीट कर मार डाला।
यमुनानगर, जेएनएन। यहां मोबाइल चोरी के शक में श्रमिकों ने एक युवक को पकड़ लिया और उसके हाथ-पैर रस्सियों से बांध दिया। इसके बाद वे उसे बेरहमी से काफी देर तक डंडों से पीटते रहे। उन्हें पीट-पीट कर उसका बुरा हाल कर दिया। इस दौरान युवक को बचाने की जगह कुछ लोग घटना की वीडियो बनाते रहे और उसे टिक टॉक पर भी अपलोड कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिसकर्मी पहुंचे और युवक को अस्पताल ले गए, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना जिले के दामला गांव की है। यहां एक प्लाईवुड फैक्टरी के क्वार्टरों में चोरी के शक में एक युवक को श्रमिकों ने पकड़ लिया। उन्हाेंने युवक के दो साथियों को भी पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे भाग निकले। पकड़े गए युवक को श्रमिकों ने रस्सियों से बांध दिया। उसे बुरी तरह से पीटने लगे और इससे युवक बेहोश हो गया।
इस दौरान घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंची और युवक को श्रमिकों के कब्जे से छुड़ाकर अस्पताल में भिजवाया। वहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने पूछताछ के लिए चार श्रमिकों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार दामला में बलवंत सैनी नामक व्यक्ति ने क्वार्टर बना रखे हैं। इनमें आसपास की फैक्टरियों में कार्य करने वाले श्रमिक रहते हैं। झारखंड के छत्तरपुर थाना एरिया के गांव खरडिया निवासी रविंद्र कुमार ने बताया कि फैक्टरी मालिक ने उन्हें यहीं पर रहने के लिए क्वार्टर दिया हुआ है। वह और उनके साथी नागपाल प्लाईवुड की फैक्टरी में काम करते है।
उसने बताया कि क्वार्टर से एक दिन पहले 15 हजार रुपये का मोबाइल चोरी हो गया। उससे पहले भी कई बार चोरियां हो चुकी हैं। बृस्पतिवार की सुबह करीब पांच बजे सुधीर नामक श्रमिक के क्वार्टर में एक चोर घुस गया। सुधीर की आंख खुल गई, तो उसने शोर मचा दिया। इस पर आसपास के श्रमिक एकत्र हो गए और चोर को पकड़ लिया गया। उसके साथ दो और लोग थे। वे मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, श्रमिकों ने युवक के हाथ-पैर बांध कर उसे बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। इससे युवक बेहोश हो गया। दामला का ही आसिफ कुरैशी भी मौके पर पहुंचा था। उसका पहले मोबाइल भी पहले चोरी हो चुका था। जब उसने बेसुध पड़े चोर को देखा, तो पुलिस को सूचना दी।
वीडियो बनाकर डाला टिकटोक पर
श्रमिकों ने युवक को पकड़ लिया। उसकी पिटाई करनी शुरू कर दी। इस दौरान वह भागने लगा, तो पास में ही हैंडपंप के पास फिसलकर गिर गया। इस पर उसे श्रमिकों ने रस्सियों से बांध दिया और उसे पीटने लगे। इस दौरान उसकी वीडियो भी बनाई गई। उसे पीटते हुए श्रमिकों ने पुलिस की तरह पुरानी चोरियों के बारे में भी पूछताछ की। श्रमिकों का कहना है कि युवक ने कई चोरी की बात स्वीकर की। वह बार-बार माफी मांग रहा था और रहम की गुहार लगा रहा था। बाद में वह बेसुध हो गया। श्रमिकों ने घटना की वीडियो भी टिकटॉक पर डाल दी।
पीटा नहीं, हमने उसे पकड़ा
श्रमिक रविंद्र व उसके साथियों का कहना है कि युवक के हाथ पांव जरूर बांधे, लेकिन उसकी पिटाई नहीं की। अंधेरे में भागते हुए युवक का सिर हैंडपंप से टकराया। इस कारण उसके सिर में चोट आई। बाद में यको पुलिस के हवाले कर दिया। हैंडपंप में सिर टकराने से लगी चोट के कारण ही उसकी मौत हुई है।
कोट््स :
सदर यमुनानगर थाना प्रभारी सुखवीर ङ्क्षसह ने बताया कि इस मामले में गैर इरादतन हत्या की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। अभी युवक की पहचान नहीं हुई है। उसके बारे में पता किया गया जा रहा है। घटना के दौरान युवक के साथ दो और लोग थे, लेकिन वे भाग निकले। उनके बारे में भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है।