विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा वालों की बल्ले-बल्ले, यमुनानगर में 64 कच्ची कॉलोनियां होंगी रेगुलर

Published: Tue, 25 Aug 2026 03:37 PM (IST)

यमुनानगर में नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने 1996 की तकनीकी त्रुटि के कारण अनअप्रूव्ड 76 में से बची 64 कॉलोनियों के नियमितीकरण की प्रक्रिया तेज कर दी है।

यमुनानगर में 64 कच्ची कॉलोनियां होंगी रेग्यूलर (फाइल फोटो)

यमुनानगर में 64 कच्ची कॉलोनियां होंगी रेग्यूलर (फाइल फोटो)

HighLights

  1. यमुनानगर में 64 अनअप्रूव्ड कॉलोनियों के नियमितीकरण की प्रक्रिया तेज

  2. आयुक्त महाबीर प्रसाद ने सर्वे कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए

  3. 1996 से पहले के दस्तावेजों के आधार पर सीमाएं तय होंगी

जागरण संवाददाता, यमुनानगर। नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने वर्ष 1996 में तकनीकी त्रुटि के कारण अनअप्रूव्ड श्रेणी में रह गई 76 कॉलोनियों के नियमितीकरण और सीमा निर्धारण को लेकर अधिकारियों की बैठक की।

इसमें निगम के सभी सहायक नगर योजनाकार, भवन निरीक्षक, कनिष्ठ अभियंता और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। आयुक्त ने 64 कॉलोनियों की सीमा निर्धारण के लिए किए जा रहे सर्वे की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को सर्वे कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने बताया कि वर्ष 1996 की अधिसूचना के तहत यमुनानगर-जगाधरी क्षेत्र में कुल 76 कॉलोनियां थीं, जिनमें से 54 जगाधरी और 22 यमुनानगर क्षेत्र की थीं। इनमें से 12 कॉलोनियां पहले ही नियमित की जा चुकी हैं। शेष 64 कॉलोनियों को मंजूरी मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया के लिए सरकार की ओर से अंतिम नोटिफिकेशन का इंतजार है। 

1966 से पहले के दस्तावेज किए जा रहे एकत्रित

कॉलोनियों के नियमितीकरण के लिए उनकी सीमाएं निर्धारित की जा रही हैं, जिसके लिए विशेष समितियों द्वारा सर्वे किया जा रहा है। सर्वे के दौरान कॉलोनियों की सीमाओं पर बने मकानों के मालिकों से वर्ष 1996 से पहले के दस्तावेज एकत्रित किए जा रहे हैं। कई कॉलोनियों में सर्वे का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि अन्य में यह जारी है।

आयुक्त महाबीर प्रसाद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां स्थानीय निवासी सर्वे में सहयोग नहीं कर रहे हैं, वहां संबंधित पार्षद के सहयोग से सर्वे कार्य पूरा करवाया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मकान मालिकों के पास वर्ष 1996 से पहले का कोई दस्तावेज नहीं होगा, उनके मकानों को कॉलोनी की सीमा में शामिल नहीं किया जाएगा।

निदेशालय भेजी नियमितीकरण की रिपोर्ट

अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सर्वे कार्य जल्द पूरा कर कॉलोनियों के नियमितीकरण की रिपोर्ट निदेशालय को भेजी जाए। कॉलोनियों के नियमित होने के बाद इनमें गलियों, नालियों और अन्य आवश्यक विकास कार्य करवाने का रास्ता साफ होगा।

अब तक 76 में से 12 कालोनियां नियमित हो चुकी हैं, जिनमें शिव नगर, महावीर कालोनी, गुलाब पार्क, लक्ष्मी कॉलोनी, विष्णु गार्डन कालोनी, ग्रीन विहार के नजदीक कॉलोनी, विजय नगर एक्सटेंशन-3, और अन्य शामिल हैं। जिन कालोनियों को नियमित करने के लिए सीमा निर्धारण किया जा रहा है, उनमें गोल्डन कालोनी, दशमेश कॉलोनी, यमुना कॉलोनी, आजाद नगर, प्रोफेसर कॉलोनी, राम नगर, और कई अन्य शामिल हैं।