लोहे की पत्ती लगने से मौत, मालिक पर केस
मानकपुर इंडस्ट्रीयल एरिया में शिवा स्टील फैक्ट्री में रविवार सुबह काम कर रहे मजदूर की जांघ में लोहे की पत्ती लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
लोहे की पत्ती लगने से मौत, मालिक पर केस
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : मानकपुर इंडस्ट्रीयल एरिया में शिवा स्टील फैक्ट्री में रविवार सुबह काम कर रहे मजदूर की जांघ में लोहे की पत्ती लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने फैक्ट्री संचालक पर सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाने में केस दर्ज कराया है।
बिहार के जिला औरंगाबाद के गांव एरकी कलां मदनपुर निवासी 45 वर्षीय राजू यादव के बेटे रंजन की शिकायत पर फैक्टरी मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। रंजन ने पुलिस को बताया कि उसका पिता राजू यादव फैक्ट्री में नाइट शिफ्ट में काम कर रहा था। रविवार सुबह करीब पांच बजे काम करते समय लोहे की पत्ती उनकी जांघ में लग गई। आरोप है कि फैक्ट्री में तब फर्स्ट एड बाक्स भी नहीं था। घायल पिता को अस्पताल ले जाने के लिए फैक्ट्री संचालक ने कार भी नहीं दी।
वहीं, थाना सदर जगाधरी के एएसआइ कमल का कहना है कि मृतक के बेटे रंजन की शिकायत पर फैक्ट्री मालिक सुशील के खिलाफ केस दर्ज किया है। फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी की जांच की जाएगी।