पोलिथिन पकड़ने गए निगम अधिकारियों को वेंडरों ने पीटा
आरोप था कि निगम अधिकारियों ने दलाल रखे हुए हैं। दबाव बनाने के लिए बेवजह चालान किए जा रहे हैं।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
आइटीआइ के सामने सब्जी मंडी में पोलिथिन बेचने वालों पर कार्रवाई के लिए गए नगर निगम के सेनेटरी इंस्पेक्टर बिट्टू, असिस्टेंट सेनेटरी इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार व सफाई कर्मचारी गुरविद्र पर वेंडरों ने हमला बोल दिया। आरोप था कि निगम अधिकारियों ने दलाल रखे हुए हैं। दबाव बनाने के लिए बेवजह चालान किए जा रहे हैं। वेंडरों ने अधिकारियों को घेर लिया। पहले दोनों पक्षों के बीच बहस हुई, जो मारपीट में बदल गई। वेंडर काफी संख्या में एकत्र हो गए और अधिकारियों को पीटने लगे। किसी तरह से वह जान बचाकर भागे। बाद में पुलिस व टीम के साथ निगम अधिकारी वापस लौटे और मंडी से सभी वेंडरों का सामान जब्त कर लिया। मामले में गांधीनगर पुलिस चौकी में भी शिकायत दी गई है।
बताया जा रहा है कि बुधवार को नगर निगम के सेनेटरी इंस्पेक्टर बिट्टू आइटीआइ के सामने अवैध रुप से लगने वाली सब्जी मंडी में निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। यहां पर पॉलिथिन बेचने वालों का चालान काटने लगे। जिस पर वेंडर भड़क गए। वेंडरों ने आरोप लगाया कि निगम के अधिकारियों ने दलाल रखे हुए हैं। जो उनको सूचना देते हैं। यदि उन दलालों को पैसे दे दिए जाएं, तो कार्रवाई नहीं होती। जबकि शहर में बड़ी-बड़ी दुकानों पर खुले आम पॉलिथिन बिक रही है। उन पर अधिकारी कार्रवाई नहीं करते। इस पर सेनेटरी इंस्पेक्टर बिट्टू भड़क गए। उनके साथ एएसआइ कृष्ण कुमार व सफाई कर्मचारी गुरविद्र सिंह भी वेंडरों के साथ बहस करने लगे। जिस पर वेंडर एकत्र हो गए। उन्होंने सफाई कर्मचारी गुरविद्र व सेनेटरी इंस्पेक्टर बिट्टू को पकड़ लिया। उनके साथ जमकर मारपीट की। किसी तरह से वह मौके से भागे और जान बचाई।
चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर अनिल नैन का कहना है कि मंडी में औचक निरीक्षण पर अधिकारी गए थे। वहां सफाई कर्मचारी गुरविद्र पर हमला हुआ। उन्हें गंभीर चोटें आई है। वेंडरों को यदि कोई शिकायत थी, तो वह निगम में अधिकारियों को दे सकते थे। मारपीट करना गलत है। सेनेटरी इंस्पेक्टर से चालान बुक भी छीन ली गई। उनके साथ भी हाथापाई हुई है। इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी गई है।