बेमिसाल व अद्भुत नजारा: जब मंदिर में कुरान की आयतें और वैदिक मंत्र गूंजे साथ-साथ
यमुनानगर के कलेसर के श्रीकालेश्वर महादेव मठ मंदिर में यह अद्भूत नजारा था। मंदिर में पाक कुरान के आयतें और पवित्र वैदिक मंत्र एक साथ गूंज रहे थे। यह नजारा था सामूहिक विवाह समारोह में।
यमुनानगर, जेएनएन। यह अद्भुत और बेमिसाल नजारा था। सांप्रदायिक सद्भाव का अनुपम यह उदाहरण लाेगों के दिलों पर छाप छोड़ने के साथ-साथ असरदार संदेश भी दे गया। जिले के कलेसर के श्री कालेश्वर महोदव मठ में महाशिवरात्रि के मौके पर अनोखा सामूहिक विवाह हुआ। इसमें पाक कुरान की आयतें और वैदिक मंत्र साथ-सााि गूंजे। हिंदू जोड़ों के साथ यहां मुस्लिम युगल भी विवाह के बंधन में बंधे।
कलेसर के श्री कालेश्वर महादेव मठ में सामूहिक विवाह समारोह में कायम हुई मिसाल
पांवटा नेशनल हाईवे के पास स्थित कलेसर के श्रीकालेश्वर महादेव मठ में सोमवार को आयोजित इस सामूहिक विवाह समारोह में सबसे पहले शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई और इसके बाद जोड़ों की शादी संपन्न कराई गई। इनमें मुस्लिम और हिंदू दाेनों जोड़े थे।
समारोह के मुख्य अतिथि हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष कंवर पाल गुर्जर थे। उन्होनें नवदंपती को आर्शीवाद दिया। उन्होंन इस कार्यक्रम की खूब तारीफ की और इसे सामाजिक सद्भाव के लिए बेमिसाल उदाहरण बताया। उन्होंने मंदिर ट्रस्ट को 51 हजार रुपये की आर्थिक मदद भी दी।
ट्रस्ट के प्रधान स्वामी शांतानंद ने बताया कि ट्रस्ट की ओर से सवा लाख की राशि का ड्राफ्ट शहीद परिवार फंड को भेंट किया गया है। सामूहिक प्रेम विवाह समारोह अनूठी परंपरा का गवाह बना। मुस्लिम युवक-युवती ने इस्लाम की रीति के अनुसार निकाह किया। चार जोड़े हिंदू परंपरा के अनुसार सात जन्मों के बंधन में बंधे। पूरे क्षेत्र में इस सामूहिक विवाह समारोह की चर्चा हो रही है। शादी के बंधन में बंधे सभी जोड़े इस तरह के अवसर में शामिल होने पर बेहद खुश थे।
--
ये जोड़े बंधे बंधन में
सामूहिक विवाह समारोह में हिमाचल के बहराल पांवटा की सपना और कृष्ण कुमार, बहराल की ऊषा और रामपाल, उत्तर प्रदेश के बादशाही बाग की निशा और पूर्ण सिंह और कलेसर की माया और अनुज विवाह बंधन में बंधे। इनके साथ ही दौलतपुर की सबीना खातून ने सालिम के साथ निकाह किया। सभी जोडों को मंदिर ट्रस्ट की ओर से तोहफे भी दिए गए। समारोह में काफी संख्या में लोग आए और नवदंपत्तियों को शुभकामनाएं दीं।
-------
मुस्लिम युवाओं ने की मंदिर परिसर में साफ-सफाई
मंडी आदमपुर (हिसार)। सामाजिक एकता की मिसाल हिसार के मंडी अादमपुर में भी देखने को मिला। मुस्लिम युवकों ने महाशिवरात्रि पर क्षेत्र के सीसवाल धाम स्थित मंदिर में साफ-सफाई की। मंदिर कमेटी प्रधान घीसाराम जैन ने कहा कि नदीम खान, आदिल खान, शहनवाज और अन्य युवाओं ने मंदिर में व्यवस्था बनाने में भी सहयोग किया।