पथराव में हुई महिला की मौत मामले में गिरफ्तार दो आरोपित एक दिन के रिमांड पर
आरोपितों को पुलिस ने एक दिन के रिमांड पर लिया है। दोनों से फरार अन्य आरोपितों के बारे में पूछताछ की गई।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : गांव जयधर में 26 मई की रात सिर में ईंट मारने से हुई 40 वर्षीय सुनीता की मौत मामले में गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपितों को पुलिस ने एक दिन के रिमांड पर लिया है। दोनों से फरार अन्य आरोपितों के बारे में पूछताछ की गई। परंतु उन्होंने पुलिस को नहीं बताया कि हत्या के केस में नामजद अन्य आरोपित कहां छिपे हुए हैं। पुलिस ने कोर्ट से दोनों का दो दिन का रिमांड मांगा था लेकिन पुलिस को केवल एक दिन का ही रिमांड मिल सका।
थाना छछरौली प्रभारी पृथ्वी सिंह ने बताया कि मेवा राम व बुद्ध राम को रिमांड पर लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। कुल 12 लोगों पर हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया था। अन्य फरार आरोपितों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ये था मामला :
जयधर निवासी महिला ने थाना छछरौली पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार शाम वह अपनी ननद के साथ घर से कुछ दूरी पर पशु बाड़े की तरफ गई। वहां पर पहले से खड़े गांव के रूबी, विशाल, विजय व रवि ने उनके साथ छेड़छाड़ की और कपड़े भी खींच कर फाड़ दिए। उनके चंगुल से बच कर घर पहुंची। कुछ देर बाद रूबी, उसके पिता रामशरण, मेवा राम, विशाल पुत्र मेवा राम, विजय कुमार व उसके भाई रवि, बुधराम, नरेश कुमार, माया देवी, अकवाम, अभि, सौरभ, गौरव ने उनके घर पर पथराव कर कर दिया। इसी दौरान ईंटें पड़ोस में रहने वाली सुनीता के सिर में लगी। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित मेवा राम व बुधराम को देर रात गिरफ्तार कर लिया था।