ट्रॉले के चालक ने लगाए ब्रेक, पीछे से भिड़ी रोडवेज बस, परिचालक जख्मी
एसके हाइवे पर दामला के पास रोडवेज बस व ट्रॉले की टक्कर हो गई।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
एसके हाइवे पर दामला के पास रोडवेज बस व ट्रॉले की टक्कर हो गई। यमुनानगर डिपो की बस दिल्ली से आ रही थी। इस हादसे में पांच सवारियां चोटिल हो गई, जबकि परिचालक सुलतान सिंह को गंभीर चोट आई हैं। उसे अस्पताल में एडमिट कराया गया है।
बताया जा रहा है कि यमुनानगर डिपो की बस दिल्ली से सवारियां लेकर आ रही थी। जिस समय बस दामला के पास पहुंची, तो आगे चल रहे ट्रॉले के चालक ने ब्रेक लगा दी। जिससे पीछे से चल रही बस उसमें टकरा गई। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। टिकट बना रहा चालक सुलतान सिंह नीचे गिर गया। उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। हादसे के बाद आरोपित ट्रॉला चालक फरार हो गया। पुलिस ने बस और ट्रॉले को कब्जे में लिया। इस हादसे में सरोज देवी, रमेश, राजन को चोटें आई। वह प्राथमिक चिकित्सा के बाद लौट गए। अन्य सवारियों को दूसरी बस से भेजा गया। थाना प्रभारी सुखवीर सिंह ने बताया कि परिचालक के बयानों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।