दहेज की मांग पूरी न होने पर अलग-अलग स्थानों पर तीन विवाहिताओं को घर से निकाला
जिले में अलग-अलग स्थानों पर ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी न
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : जिले में अलग-अलग स्थानों पर ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिताओं को घर से बाहर निकाल दिया। पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज किया है।
जवाहर नगर निवासी हरप्रीत कौर ने थाना फर्कपुर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी जुलाई 2020 को लुधियाना के समराला रोड स्थित बाबा ठान सिंह नगर निवासी जसप्रीत सिंह से हुई थी। उस दौरान हर प्रकार का जरूरी सामान दिया था। इसके बाद ससुरालियों ने और दहेज की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर हरप्रीप के पति जसप्रीत, सास परमिद्र, ससुर गुरमीत और देवर रविद्र सिंह ने उसे घर से निकाल दिया। साथ ही वापस लौटने पर जान से मारने की धमकी भी दी। उन्होंने थाने में शिकायत दी। जांच अधिकारी एसआइ प्रमोद कुमार ने बताया कि चारों लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। छानबीन कर रहे हैं।
वहीं, रादौर के रपौली गांव की अन्नु रानी ने थाना रादौर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी फरवरी 2018 में अंबाला के धूलकोट गांव निवासी राजकुमार से हुई थी। शादी के बाद से ही राजकुमार, अजय कुमार, नसीबो देवी, कुरुक्षेत्र निवासी सिब्बा, नीलम, रज्जू माजरा की रंजना, कृष्ण व निर्मल उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। कई बार मौजिज लोगों ने ससुराल वालों को समझाया भी परंतु उनकी हरकतों में कोई सुधार नहीं हुआ। दहेज नहीं मिलने पर उन्होंने मारपीट कर उसे घर से बाहर निकाल दिया। जांच अधिकारी एएसआइ कोमल ने बताया कि उक्त सभी लोगों को नामजद करते हुए केस दर्ज कर लिया है।
उधर, शहर निवासी महिला ने महिला थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी कुरुक्षेत्र के एक गांव निवासी परमजीत सिंह से हुई थी। शादी के बाद से ससुराल वाले उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। पति ने जबरदस्ती उसके साथ अप्राकृति संबंध बनाए। शिकायत के आधार पर परमजीत सिंह, ससुर बलवान सिंह, सास सुखबीर, देवर हरदीप सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।