मंडी प्रधान के लिए पांच पूर्व प्रधान समेत 13 ने किया था नामांकन, 11 ने वापस लिए
अनाज मंडी एसोसिएशन रादौर के प्रधान पद को लेकर अब शुक्रवार को चुनाव होगा। वीरवार को नामांकन दाखिल करने वाले 13 उम्मीदवारों में से 11 ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया।
संवाद सहयोगी, रादौर :
अनाज मंडी एसोसिएशन रादौर के प्रधान पद के लिए आज चुनाव होगा। वीरवार को नामांकन दाखिल करने वाले 13 उम्मीदवारों में से 11 ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया। अब मंडी के दो पूर्व प्रधान शिवकुमार संधाला और संजय गुप्ता आमने सामने हैं। मंडी के 91 आढ़ती आज अपने मत का प्रयोग करेंगे। चुनाव अधिकारी मान सिंह आर्य ने बताया कि 24 जुलाई को अनाज मंडी में प्रधान पद को लेकर सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। इसके बाद मतों की गणना की जाएगी। इतिहास में पहली बार रादौर अनाज मंडी चुनाव प्रक्रिया से प्रधान पद नियुक्त किया जाएगा।
प्रधान पद को लेकर पूर्व प्रधान कर्मवीर खुर्दबन, पूर्व प्रधान शिवकुमार संधाला, पूर्व प्रधान संजय गुप्ता, पूर्व प्रधान पवन गर्ग, पूर्व प्रधान प्रवीन कांबोज जयपुर, सुशील बत्रा, संदीप कुमार टोपरा, रणबीर सिंह धौलरा, रोशन लाल कांबोज, विनोद सैनी, भजनलाल, यशपाल फग्गू, रामकुमार कांबोज ने नामांकन दाखिल किए थे।