विवाहिता का आरोप ससुर बनवाता है गोमांस, मना करने पर मारपीट
जागरण संवाददाता यमुनानगर विवाहिता ने अपने ससुरालियों पर मारपीट करने समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि उसका ससुर उसे गोमांस बनाने का दबाव बनाता था। मना करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
विवाहिता ने अपने ससुरालियों पर मारपीट करने समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि उसका ससुर उसे गोमांस बनाने का दबाव बनाता था। मना करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। आरोप है कि उसका पासपोर्ट भी आरोपितों ने अपने पास रख लिया है। पुलिस ने मामले में आरोपित पति समेत अन्य ससुरालियों पर केस दर्ज कर लिया।
विवाहिता ने बताया कि उसकी शादी 2017 में जतिन से हुई थी। उसे बताया गया था कि शादी के बाद जतिन उसे अपने साथ कोरिया लेकर जाएगा। जब उसकी शादी हुई तो चार पांच दिन बाद ही ससुराल वाले उसे कम दहेज लाने का ताना देने लगे। उसके पति जतिन ने भी उसे कोरिया ले जाने से मना कर दिया। बाद में विवाहिता ने अपने परिजनों को इस बारे में बताया तो रिश्तेदारों के दबाव के बाद विवाहिता का ससुर और सास उसे अपने साथ कोरिया लेकर गए। आरोप है कि वहां पर उसका ससुर उसे गोमांस बनाकर लाने का दबाव देता था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। हर रोज उसके साथ सास, ससुर और पति मारपीट करते। विवाहिता का कहना है कि वह उनके अत्याचारों से तंग आकर भारत चली आई। यहां आकर उसने अपने परिजनों को बताया तो मामले की थाने में शिकायत दी गई। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।