तीन तलाक : घर न छोड़ने की जिद कर महिला ने दी बच्चों सहित आत्महत्या की चेतावनी
शहर यमुनानगर थाने की हमीदा कॉलोनी में तीन तलाक का मामला सामने आया है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
शहर यमुनानगर थाने की हमीदा कॉलोनी में तीन तलाक का मामला सामने आया है। एक साल पहले महिला को पति ने तीन बार तलाक बोल दिया, लेकिन महिला ने इसे नहीं माना और ससुर के ही दूसरे मकान में बच्चों के साथ रहने लगी। इस बीच ससुराल वालों ने उससे मकान खाली कराने की कोशिश की, लेकिन उसने मकान खाली नहीं किया। अब अब ससुर ने कोर्ट के माध्यम से उसके वाट्सएप पर नोटिस भिजवाया है। इसमें उसे घर से निकालने का फरमान है। इसके खिलाफ महिला ने सीएम विडो पर शिकायत देकर बच्चों सहित आत्महत्या करने की चेतावनी दी है।
उत्तर प्रदेश के देवबंद की रहने वाली महिला की आठ साल पहले शादी हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। एक साल पहले उसका पति से विवाद हो गया था। इस पर पति ने तीन बार तलाक बोल दिया। उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। महिला ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में केस डाल दिया। मामला विचाराधीन है। इसके बाद महिला बच्चों सहित ससुर के दूसरे मकान खड्डा कॉलोनी में रहने लगी। आरोप है कि उसके बारे में झूठी शिकायतें देकर परेशान किया गया। महिला का कहना है कि उसकी मां की काफी पहले मौत हो चुकी है। पिता अपाहिज है। अब वह ऐसे में कहां जाएगी। हलाला का दबाव, पर नहीं मानी महिला
महिला का कहना है कि तीन तलाक के बावजूद वह अपने पति के साथ रहना चाहती है। इस बारे में पति से बात की, तो वह उस पर हलाला का दबाव बनाने लगा। इससे उसने मना कर दिया। उसके पति का सैलनू है। अब महिला ने सीएम विडो पर शिकायत दी। इसमें उसने कहा कि ससुर की ओर से जो नोटिस दिया गया है। उसमें आनंद कॉलोनी के मकान का नाम लिखा है। जबकि वह दूसरे मकान में रहती है। उसने कहा कि यदि उन्हें घर से निकाला गया, तो वह अपने दो बच्चों के साथ आत्महत्या कर लेगी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप