जामुन व शीशम से लहलहाएगी दड़वा की वीरान जमीन
गत वर्ष नगर निगम ने इस विरान जमीन पर जो पौधे लगवाए थे उनकी ऊंचाई छह फुट से ज्यादा हो गई है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
डेयरी कांप्लेक्स दड़वा की जिस खाली जमीन पर गत वर्ष तक झाड़ियों का साम्राज्य था वहां अब जामुन व शीशम के पेड़ लहलहाएंगे। गत वर्ष नगर निगम ने इस विरान जमीन पर जो पौधे लगवाए थे उनकी ऊंचाई छह फुट से ज्यादा हो गई है। जहां पौधे लगाए गए थे उनके आसपास समय-समय पर साफ सफाई कराई जा रही है ताकि घास-फूस के कारण पौधों की ग्रोथ पर किसी तरह का असर न पड़े। दड़वा में ईट भट्ठे अधिक होने से सारी जमीन ऊंची नीची है। सैकड़ों की संख्या में यहां पशु डेयरियां हैं। दो हजार पौधे लगाए थे
गत वर्ष 12 अगस्त को जल शक्ति अभियान के तहत नगर निगम की जमीन पर पौधे लगाने की शुरुआत हुई थी। गांव दड़वा में डेयरी कांप्लेक्स के नजदीक खाली पड़ी आठ एकड़ जमीन पर डीसी मुकुल कुमार, मेयर मदन चौहान, एडीएम व डीएफओ ने पौधे लगाए थे। तीन साल के लिए वन विभाग इन पौधों की देखभाल कर रहा है। विकसित होने के बाद इन्हें नगर निगम को सौंप दिया जाएगा। उस वक्त करीब दो हजार पौधे लगाए गए थे। फलदार व छायादार पौधों को दी तवज्जो :
मेयर मदन चौहान ने बताया कि नगर निगम की काफी जमीन खाली पड़ी है। जमीन को पट्टे पर भी नहीं दिया गया जिससे निगम को कुछ आमदनी हो सके। इससे अच्छा है इस जमीन का सदुपयोग कर लिया जाए। इसलिए उन्होंने वन विभाग के समक्ष नगर निगम की खाली जमीन पर पौधे लगाने प्रस्ताव रखा था। वन विभाग के अधिकारियों से कहा था कि जो पौधे लगाए जाएंगे वे छायादार व फलदार ही होने चाहिए। इसलिए शीशम व जामुन के पौधे लगाने पर सहमति बनी। अब गत वर्ष लगाए पौधे करीब छह फुट के हो गए हैं। पौधों की क्या स्थिति है ये जांचने के लिए खुद भी इनका निरीक्षण करता हूं। अब पर्यावरण बहुत प्रदूषित होने लगा है इसलिए सभी को अधिक से अधिक पौधे जरूर लगाने चाहिए।