रेलवे वर्कशॉप में फिर हादसा, क्रेन का हुक टूटा, बचे कर्मचारी
रेलवे वर्कशॉप में सोमवार को फिर हादसा हुआ। क्रेन का हुक टूटकर गिर गया। गनीमत रही कि नीचे कोई कर्मचारी नहीं था। उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन ने अधिकारियों को खरी-खरी सुनाई।
संवाद सहयोगी, जगाधरी वर्कशॉप :
रेलवे वर्कशॉप में सोमवार को फिर हादसा हुआ। क्रेन का हुक टूटकर गिर गया। गनीमत रही कि नीचे कोई कर्मचारी नहीं था। उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन ने अधिकारियों को खरी-खरी सुनाई। आरोप लगाया कि लगातार हादसे होने के बावजूद भी अधिकारी कोई सुध नहीं ले रहे है। सुरक्षा प्रबंधों के अभाव में कर्मचारी जान जोखिम में डालकर यहां पर कार्य कर रहे हैं।
बता दें कि रेलवे वर्कशॉप वोर्ल शॉप अवार्ड से सम्मानित हो चुकी है, जबकि यहां पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। पिछले दिनों हादसे में घायल हुए मनीराम की मौत हो गई। दो माह में पांच से अधिक हादसे वर्कशॉप में हो चुके हैं। एक हादसे में कर्मचारी बुरी तरह से झुलस गया था, जबकि एक कर्मचारी के कंधे पर चोट लगी थी। इसके बावजूद भी यहां पर कोई सुधार नहीं हुआ। सेफ्टी निर्धारित करने के लिए सेफ्टी इंस्पेक्टर वर्कशॉप में रहता है, लेकिन कोई सुधार वर्कशॉप में नहीं हो रहा है। अब वर्कशॉप में कार्य कर रहे कर्मचारी भी डरने लगे हैं। वहीं उत्तर रेलवे कर्मचारी यूनियन के मंडल सचिव भूपिद्र सिंह संधू ने कहा कि हम लगातार अधिकारियों से इस बारे में बात कर रहे हैं। सुरक्षा प्रबंधों को लेकर अधिकारी आश्वासन देते हैं, लेकिन आगे कोई कार्रवाई नहीं होती। पिछले दिनों हादसे के बाद भी यहां पर अधिकारियों ने दौरा किया, लेकिन कोई सुधार अभी तक नहीं हुआ है।