जहरीला पदार्थ खाने वाले कुलवंत पर लटकी गिरफ्तारी की तलवार
छेड़खानी का केस दर्ज होने पर जहरीला पदार्थ खाने वाले शिवपुरी के कुलवंत की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पुलिस ने मंगलवार को पीड़ित महिला के 164 का बयान दर्ज किया गया। उसमें उसने आरोपित कुलवंत पर हाथ पकड़ने की बात दोहराई है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : छेड़खानी का केस दर्ज होने पर जहरीला पदार्थ खाने वाले शिवपुरी के कुलवंत की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पुलिस ने मंगलवार को पीड़ित महिला के 164 का बयान दर्ज किया गया। उसमें उसने आरोपित कुलवंत पर हाथ पकड़ने की बात दोहराई है। शहर जगाधरी थाना प्रभारी दिनेश चौहान ने बताया कि कुलवंत की छेड़छाड़ के मामले में गिरफ्तारी लगभग तय है। पीड़िता के बयान करा दिए गए हैं।
यह है मामला
ऑटो चालक कुलवंत का कहना था कि उसकी पत्नी की जगाधरी की एक महिला से जान पहचान थी। उसने महिला से एक साल पहले आरओ खरीदा था। पांच हजार रुपये के आरओ के साथ ही कई अन्य आइटम भी देना तय हुआ था, लेकिन उसने कोई अन्य आइटम नहीं दिया। आरओ के दो हजार रुपये उन्हें दे दिए थे। वह खराब निकल गया। जब उससे महिला ने शेष रुपये मांगे, तो उसने आरओ के खराब निकलने की बात कह मना कर दिया। जिस पर महिला और उसके पति ने धमकी दी कि वे झूठे केस में फंसा देंगे। महिला ने उसके खिलाफ इस संबंध में 23 अगस्त को फर्कपुर थाने में शिकायत दी थी। जिस पर थाने के एएसआइ ने उसे हिरासत में रखा। जबरन उसकी पत्नी से लिखवाया कि वह 30 अक्टूबर को महिला के सात हजार रुपये देगा। वह 30 अक्टूबर को महिला के घर पर पैसे देने के लिए गया था। वहीं महिला की ओर से शिकायत दी गई थी कि कुलवंत ने घर में घुसकर उससे अभद्रता की। उसका हाथ पकड़ा। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया था। इस घटना से आहत होकर ही उसने जहरीला पदार्थ निगल लिया था।