विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यमुनानगर में यूपी के हाइड्रा ड्राइवर की संदिग्ध मौत, सर्पदंश की आशंका से मचा हड़कंप

Published: Fri, 25 Sep 2026 03:32 PM (IST)

यमुनानगर के चूहड़पुर में 26 वर्षीय हाइड्रा चालक अनूप कुमार की कमरे में सोते समय संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो ...और पढ़ें

यमुनानगर में यूपी के हाइड्रा ड्राइवर की संदिग्ध मौत। सांकेतिक फोटो

यमुनानगर में यूपी के हाइड्रा ड्राइवर की संदिग्ध मौत। सांकेतिक फोटो

HighLights

  1. 26 वर्षीय हाइड्रा चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत।

  2. साथियों ने शरीर नीला पड़ने पर सर्पदंश की आशंका जताई।

  3. मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा स्पष्ट।

जागरण संवाददाता, यमुनानगर। चूहड़पुर में कमरे में सो रहे 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सुबह काम पर जाने के लिए साथियों ने उसे उठाने का प्रयास किया तो कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। कमरे में जाकर देखा तो उसका शरीर नीला पड़ा था।

साथी उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। उसके साथियों ने कमरे के आसपास झाड़ियों को देखते हुए सर्पदंश की आशंका जताई है, हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के जिला इटावा निवासी अनूप कुमार के रूप में हुई। वह पांवटा साहिब नेशनल हाईवे पर चल रहे निर्माण कार्य में हाइड्रा मशीन चलाता था। काम के सिलसिले में अनूप अन्य मजदूरों के साथ चूहड़पुर में ठेकेदार की ओर से उपलब्ध कराए गए कमरों में रहता था।

मृतक के साथी संतोष ने बताया कि रात को सभी ने खाना खाया और इसके बाद अपने-अपने कमरों में सो गए। सुबह सभी को काम पर जाना था। जब अनूप को उठाने के लिए उसके कमरे में पहुंचे तो उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

जिस स्थान पर मजदूरों के कमरे बने हुए हैं, उसके आसपास काफी झाड़ियां हैं। आशंका है कि रात के समय किसी जहरीले सांप ने अनूप को डस लिया होगा।