हमला कर छात्र व महिला को किया गंभीर रूप से घायल
पुराना हमीदा में सात हमलावरों ने 12वीं कक्षा के छात्र पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : पुराना हमीदा में सात हमलावरों ने 12वीं कक्षा के छात्र पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दो हमलावरों को नामजद करते हुए पांच अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुराना हमीदा निवासी जुनैद ने हमीदा चौकी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शनिवार रात आठ बजे बाजार में कुछ सामान लेने गया था। सामान लेकर जब घर लौट रहा था तो मस्जिद के पास छह-सात लड़के उसके पीछे लग गए। जिन्होंने मौका पाकर उस पर डंडों व लोहे की रॉड से उस पर हमला कर दिया। वह चिल्लाने लगा तो हमलावर उसे छोड़ कर फरार हो गए। सूचना पाते ही उसके परिजन वहां पहुंचे और उसे अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने घायल के बयान लिए। जिसके आधार पर पुलिस ने मुस्तुफ व सुमित को नामजद करते हुए अन्य पर केस दर्ज कर लिया।
उधर, जोगिद्र नगर निवासी निशा ने थाना फर्कपुर पुलिस को बताया कि वह दोपहर के समय घर पर बैठी थी। इसी दौरान ससौली निवासी इशांत व राही उसके घर में घुस आए और पुरानी रंजिश के चलते उस पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसने शोर मचाया तो आरोपित उसे जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।