सौतेला पिता दो साल से कर रहा था नाबालिग से दुष्कर्म, गिरफ्तार
विरोध करने पर पीड़िता के भाई को मारने की देता था धमकी मेडिकल जांच में हुई पुष्टि
जागरण संवाददाता, यमुनानगर:
फर्कपुर एरिया में सौतेले पिता दो साल से नाबालिग बेटी से दुष्कर्म कर रहा था। विरोध करने और किसी बताने पर उसके भाई को जान से मारने की धमकी देता था। बेटी ने पड़ोस में रहने वाली महिला को बताया तो मामला खुला। इसके बाद चाइल्ड प्रोटेक्शन की टीम ने नाबालिग को बचाया। इसके बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
डीसीपीओ आंचल त्यागी की ओर से दी शिकायत के अनुसार फर्कपुर एरिया में 13 साल की बेटी के साथ उसका पिता गलत काम करता था। वर्ष 2006 में लड़की की मां से आरोपित के संग दूसरी शादी की थी। आरोपित के पास खुद का कोई बच्चा नहीं है। दो साल पहले लड़की की मां की मौत हो गई। तभी से वह किशोरी पर गलत नजर रखने लगा। टीम ने पहले लड़की के भाई को इस बारे में जानकारी दी। 13 मार्च को भी किया था दुष्कर्म
विरोध या किसी को बताने पर आरोपित लड़की को उसके भाई की हत्या करने की धमकी देता था। इस वजह से वह चुप थी। 13 मार्च को दोपहर बाद वह घर पर आया और बेटी को अंदर कमरे में बुलाया। वहां पर उसके साथ गलत काम किया। रोते हुए वह बाहर आई। पड़ोसी की ही एक महिला ने जब रोने की वजह पूछी तो तब यह मामला उजागर हुआ। उसने तुंरत यह मामला चाइल्ड लाइन के पास पहुंचाया। महिला थाना प्रभारी सीमा देवी ने बताया कि आरोपित पिता को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
महिला को भेजे अश्लील एमएसएस, केस दर्ज
जासं, यमुनानगर : जगाधरी थाना एरिया के गांव की महिला ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि उसके मोबाइल पर एक युवक कई माह से मैसेज कर रहा है। आरोपित ने अपना नाम करनाल के गांव के गांव घीड निवासी जितेंद्र बताया। आरोप है कि वह फोन पर अश्लील बात करता है। विरोध करने पर धमकी भी देता है। आरोप है कि लगातार उसके मोबाइल पर गलत मैसेज भेज रहा है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।