नवरात्र की पूजा के दौरान तालाब में गिरी मां को बचाने कूदा बेटा, महिला सुरक्षित निकली; युवक की डूबने से मौत
मां को अष्टमी पूजन सामग्री विसर्जित करते समय तालाब में गिरने से बचाने के प्रयास में बेटे शुभम की डूबकर मौत हो गई।
-1792406178953_m.webp)
मां को बचाने तालाब में कूदा बेटा, खुद डूबा, दो घंटे बाद मिला शव।
HighLights
मां को बचाने के प्रयास में बेटा डूबा
अष्टमी पूजन सामग्री विसर्जित करते समय हादसा
दो घंटे बाद तालाब से मिला शव
जागरण संवाददाता, यमुनानगर। गांव मुरादनगर में रविवार को अष्टमी की पूजन सामग्री विसर्जित करते समय तालाब में गिरी मां को बचाने के प्रयास में बेटा डूब गया। मां को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद बेटा तालाब में बने गहरे गड्ढे में फंस गया।
सूचना मिलने पर पहुंचे गोताखोरों ने करीब दो घंटे की तलाश के बाद उसे बाहर निकाला। स्वजन उसे जगाधरी सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। करीब दो साल पहले पिता को खो चुके परिवार पर अब बेटे की मौत से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
शुभम (28) रविवार शाम करीब सात बजे अपनी मां सुनीता के साथ गांव के तालाब में अष्टमी की पूजन सामग्री विसर्जित करने गया था। सुनीता तालाब के किनारे खड़ी होकर पानी में पूजा का सामान डाल रही थी। तभी उसका संतुलन बिगड़ने से वह पानी में गिर गई।
मां को डूबता देख शुभम ने तुरंत तालाब में छलांग लगा दी। उसने काफी प्रयास कर मां को सुरक्षित किनारे पहुंचा दिया लेकिन खुद गहरे गड्ढे में फंस गया। पानी अधिक गहरा होने के कारण वह बाहर नहीं निकल पाया और डूब गया।
उसके डूबने की सूचना मिलते ही ग्रामीण एकत्र हो गए। पुलिस भी पहुंच गई। तालाब में तलाश शुरू की। मृतक शुभम फैक्ट्री में कार्य करता था और अविवाहित था। थाना छप्पर प्रभारी प्रमोद वालिया ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। पूजन के दौरान यह हादसा हुआ।
