पहाड़ों में बर्फबारी से मैदानी क्षेत्रों में शीतलहर, दिनभर चली ठंडी हवा
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में खूब देखा जा रहा है। दिन के समय भले ही राहत हो, लेकिन सुबह-शाम शीतलहर से जन-जीवन प्रभावित है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में खूब देखा जा रहा है। दिन के समय भले ही राहत हो, लेकिन सुबह-शाम शीतलहर से जन-जीवन प्रभावित है। न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आगामी दिनों में तापमान के गिरावट की संभावना है। सोमवार को अधिकतम 17 व न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के विशेषज्ञों के मुताबिक मंगलवार को मौसम साफ व उसके बाद बादल छाए रहने की संभावना हे। इनसेट
धूप निकलने पर मिलती राहत
सुबह-शाम ठंड पूरी तरह कहर बरपा रही है। सूरज निकलने के बाद थोड़ी राहत मिलती है। सोमवार को दिनभर ठंडी हवाएं चलती रही। धूप में बैठने पर लोगों को राहत मिली। इस दौरान शहर के पार्कों में काफी चहल-पहल रही है। बुजुर्ग धूप सेंकते हुए दिखे गए। शास्त्री पार्क में बैठे बुजुर्ग हरी मोहन व राम किशोर ने बताया कि धूप निकलने पर वे अकसर पार्क में ही आकर बैठ जाते हैं। ठंड के मारे बुरा हाल हो गया है, लेकिन शुक्र है कि दिन के समय धूप निकल जाती है।
--------
इनसेट
तापमान में उतार-चढ़ाव की संभावना
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आगामी दिनों में तापमान में उतार चढ़ाव रहेगा। मंगलवार को अधिकतम 18 व न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहने संभावना है। इसी तरह बुधवार को अधिकतम 17 व न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस तापमान रहेगा। बादल छाए रहेंगे। बृहस्पतिवार से लेकर सोमवार तक बादलों की लुकाछिपी जारी रहेगी और इस दौरान न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
-----------
इनसेट
स्वास्थ्य का रखें ख्याल
सामान्य अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विजय दहिया का कहना है कि ठंड से बचाव रखना जरूरी है। खासतौर पर बच्चे व बुजुर्ग एहतियात बरतें। क्योंकि इनमें रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होती है। बीमारी की गिरफ्त में जल्दी आने की संभावना रहती है। बच्चों को गर्म कपड़े की एक लेयर अधिक पहनाएं। गर्म वातावरण से एकदम ठंडे वातावरण में न जाएं। छोटे बच्चों को बाइक पर न बिठाएं। शादी-समारोहों में खानपान का विशेष ध्यान रखें। सुबह सैर के समय गर्म कपड़े व मोजे पहनकर ही घर से निकलें।