छह वार्डो में सड़कों की सूरत संवारेगा नगर निगम, 16 को इंतजार
छह वार्डो की सड़कों को गड्ढों से जल्द ही मुक्ति मिलेगी, जबकि 16 में अभी इंतजार करना पड़ेगा। वार्ड नंबर 12, 13, 14, 15, 16 व 22 में जल्द काम शुरू हो जाएगा। इन वार्डो में सड़कें लंबे समय से बदहाली झेल रही हैं।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : छह वार्डो की सड़कों को गड्ढों से जल्द ही मुक्ति मिलेगी, जबकि 16 में अभी इंतजार करना पड़ेगा। वार्ड नंबर 12, 13, 14, 15, 16 व 22 में जल्द काम शुरू हो जाएगा। इन वार्डो में सड़कें लंबे समय से बदहाली झेल रही हैं। अब नई सरकार बनने के बाद सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए टेंडर लगाए गए हैं। बता दें कि गत कार्यकाल में हरपथ योजना के तहत सभी वार्डो की सड़कों के गड्ढे दूर करने के लिए टेंडर लगाए गए थे, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं पाया।
किस वार्ड में कितना होगा खर्च
वार्ड नंबर 13, 14 व 15 में 402620 रुपये व वार्ड नंबर 12, 16 व 22 में 451260 रुपये पैचवर्क पर खर्च किए जाएंगे। यहां सड़कों को पूरी तरह गड्ढों से मुक्त किया जाएगा। दूसरे वार्डो में भी सड़कों की स्थिति ठीक नहीं है।
ये योजना नहीं चढ़ पाई सिरे
नगर निगम एरिया में सड़कों के सुधार के लिए हरपथ स्कीम के तहत टेंडर किए जा चुके हैं। अभी तक इनकी मरम्मत का काम नहीं हुआ। वार्ड नंबर 1 में 28 लाख 92 हजार, वार्ड-2 में 27 लाख 3 हजार, वार्ड-3 में 26 लाख 88 हजार, वार्ड-4 में 26 लाख 88 हजार, वार्ड-5 में 26 लाख, 88 हजार, वार्ड-6 में 26 लाख 88 हजार, वार्ड-7 में 25 हजार, वार्ड-8 में 26 लाख 90 हजार, वार्ड-9 में 26 लाख 94 हजार, वार्ड-10 में 27 लाख 16 हजार, वार्ड-11 में 25 लाख 54 हजार, वार्ड-12 में 16 लाख 10 हजार, वार्ड-13 में 22 लाख 35 हजार, वार्ड-14 में 21 लाख 64 हजार, वार्ड-15 में 18 लाख 89 हजार, वार्ड-16 में 16 लाख 38 हजार, वार्ड-17 में 19 लाख 52 हजार, वार्ड नंबर-18 में 20 लाख 82 हजार, वार्ड-19 में 16 लाख 40 हजार व वार्ड नंबर-20 16 लाख 15 हजार रुपये खर्च किए जाने की जाने की योजना नगर निगम ने बनाई थी।
पॉश एरिया में भी गड्ढे
ग्रामीण सड़कों के साथ-साथ शहर के पॉश एरिया में भी गड्ढे हैं। औद्योगिक क्षेत्र की सड़कें तो बद से बदतर हो चुकी हैं। कैनाल रेस्ट हाउस से शादीपुर पुल की ओर जा रही सड़क, इसके अलावा बस स्टैंड व कमानी चौक पर लंबे समय से गड्ढे हैं। क्षेत्र के लोग कई बार नगर निगम अधिकारियों को शिकायत कर चुके हैं, लेकिन आज तक सुध नहीं ली गई। इसके अलावा मॉडल टाउन की सड़कों में भी गड्ढे हैं। इनके कारण हादसों की संभावना रहती है। क्योंकि हर वाहन चालक को इनसे बचने का प्रयास करता है।
----------------
ट्विन सिटी के छह वार्डो में सड़कों के गड्ढे दूर करने के लिए टेंडर लगाए गए हैं। गड्ढों को भरने के लिए पीडब्ल्यूडी तैयार मैटीरियल सप्लाई करेगा। इसके लिए टेंडर मांगे गए हैं। जल्दी ही काम शुरू हो जाएगा। गड्ढों की फोटो खींचकर हरपथ एप पर डाली जा सकती है।
दीपक सूरा, कार्यकारी अधिकारी, नगर निगम।