गणतंत्र दिवस समारोह आज, वाहनों का रूट होगा डायवर्ट, पांच जगह लगेंगे नाके
तेजली खेल परिसर में गणतंत्र दिवस समारोह होगा। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
तेजली खेल परिसर में गणतंत्र दिवस समारोह होगा। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई। तेजली खेल परिसर की ओर आने व जाने वाले स्थानों पर पांच जगह नाके लगाए जाएंगे। वाहनों का भी रूट डायवर्ट किया जाएगा। जिससे लोगों को कोई परेशानी न हो। इस दौरान पुलिस की अलग से भी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। समारोह में डीसी मुकुल कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल रहेंगे। करीब 150 पुलिसकर्मी सुरक्षा की दृष्टि से परिसर व उसके आसपास मौजूद रहेंगे।
डीसी मुकुल कुमार राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे व परेड की सलामी लेंगे। इस दौरान स्वतंत्रता सेनानियों, युद्ध वीरांगनाओं, शहीद सैनिकों के परिजनों को जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही जिला पुलिस की टुकडी, महिला पुलिस की टुकड़ी, होमगार्ड, एनसीसी लड़के व लड़कियां, छात्र पुलिस कोर्प, स्काउट, गर्ल्स गाईड और प्रजातंत्र के प्रहरी की टुकडि़यां मार्च पास्ट का प्रदर्शन करेंगी। इसके अलावा इस मार्च पास्ट में बैड पार्टी और गुड सवार दस्ता विशेष आकर्षण रहेंगे।
छात्र देंगे देशभक्ति का संदेश :
समारोह के दौरान आठ स्कूलों के छात्र-छात्रा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। जिसके जरिए देशभक्ति का संदेश दिया जाएगा। साथ ही प्लास्टिक मुक्त यमुनानगर, डिजीटल इंडिया का संदेश भी दिया जाएगा। इसके अलावा 17 विभागों द्वारा मनोरंजक और संदेशप्रद झांकियां निकाली जाएंगी। इसमें स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयुष्मान भारत की झांकी विशेष आकर्षण रहेंगी। यह रहेगा कार्यक्रम :
मुख्य अतिथि का आगमन - 9.58 मिनट
ध्वजारोहण व राष्ट्रगान - 10 से 10.02 तक
परेड का निरीक्षण - 10.02 से 10.10 बजे तक।
मुख्य अतिथि का संदेश- 10.10 से 10.25 तक।
मार्च पास्ट - 10.25 से 10.40 बजे तक।
शारीरिक व्यायाम- 10.40 से 11.00 बजे तक।
सांस्कृतिक कार्यक्रम- 11 से 111.40 बजे तक।
झांकियां - 11.40 से 12 बजे तक।
पुरस्कार वितरण व राष्ट्रीय गान- 12 बजे से 12.15 बजे तक।