बारिश ने लूटी गर्मी की महफिल
आज तड़के पांच बजे हुई बरसात से जिले का मौसम सुहावना हो गया। लोगों को गर्मी से राहत मिली है। कई दिनों से गर्मी व उमस ने लोगों के पसीने छुड़ा रखे थे। यहां तक की लोगों के घरों व दुकानों में लगे ऐसी भी जवाब देने लगे थे। वहीं बरसात से फसलों को भी अच्छा फायदा होगा। जिला में सबसे ज्यादा जगाधरी में 36 एमएम बरसात हुई जबकि साढौरा व प्रताप नगर ब्लॉक सूखे रहे। जिला में औसतन 9.
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : मंगलवार सुबह हुई बारिश से जिले का मौसम सुहावना हो गया। लंबे अर्से से भीषण गर्मी और उमस से भी लोगों को राहत मिली। मौसम के जानकारों की मानें तो इस बारिश से फसलों को भी अच्छा फायदा होगा। जिले में सबसे ज्यादा जगाधरी में 36 एमएम बरसात दर्ज की गई, जबकि साढौरा व प्रताप नगर ब्लॉक सूखे रहे। जिले में औसतन 9.8 एमएम बरसात हुई।
पेड़ का टहना गिरने से यातायात बाधित
यमुनानगर-अंबाला पुराना नेशनल हाईवे पर पशुपालन विभाग कार्यालय के नजदीक खड़े पेड़ का टहना बारिश के साथ चली हवा से टूट गया। सड़क के बीचो बीच पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया। सड़क पर जाम भी लग गया। ऐसे में लोग सेक्टर-17 की सड़कों से होते हुए निकले। जिससे सेक्टर की सड़कों पर भी जाम लग गया। बाद में वन विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंच कर पेड़ की टहने को काट कर एक तरफ किया। जिससे बाद यातायात बहाल हुआ। वहीं कन्हैया साहिब चौक, जगाधरी में अंबाला मार्ग पर सड़कों किनारे पानी जमा हो गया। जिससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
धान व गन्ने की फसल को फायदा
बरसात से धान व गन्ने की फसल को काफी फायदा हुआ है। इस बार सावन माह में उम्मीद से बहुत कम बरसात हुई जिससे किसान व आमजन परेशान रहा। धान को सबसे ज्यादा पानी की जरूरत होती है। बरसात न होने से किसानों को ट्यूबवेल से ज्यादा पानी देना पड़ा। वरना हर साल बरसात के पानी से खेत लबालब रहते थे। किसान रामबीर सिंह, हरपाल ने बताया कि इस साल मानसून की बरसात बहुत कम हुई है। जिसका फसलों पर काफी असर पड़ा है। ट्यूबवेल से पानी देने से उनका बिजली खर्च बढ़ गया है।
पशुओं का दूध 10 से 15 प्रतिशत कम हुआ
ज्यादा गर्मी के कारण पशु हीट स्ट्रोक बीमारी की चपेट में आने लगे हैं। जिसका असर दूध पर भी पड़ा है। गर्मी से पशुओं का दूध 10 से 15 प्रतिशत कम हो गया है। जिससे पशुपालकों की आमदनी पर असर पड़ा है। वहीं गर्मी से पशु बीमार भी होने लगे हैं। पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डा. राजेंद्र प्रसाद वत्स का कहना है कि गर्मी का असर पशुओं के दूध पर पड़ता है। इसके लिए पशुओं को दिन में दो बार जरूर नहलाना चाहिए। पशुओं को छायादार स्थान पर बांधना चाहिए। यदि पशु बीमार है तो तुरंत उसका उपचार करना चाहिए। जिला में मंगलवार को हुई बरसात (एमएम में):
ब्लॉक बरसात
जगाधरी 36
बिलासपुर 7
साढौरा 0
रादौर 8
प्रताप नगर 0
छछरौली 5
सरस्वती नगर 13