पल्स पोलियो की टीम पर हमला, पुलिस जांच में जुटी
पल्स पोलियो अभियान की टीम ने कुछ लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : पल्स पोलियो अभियान की टीम ने कुछ लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत की छानबीन शुरू कर दी है। टीम के सदस्यों का आरोप है कि जगाधरी वाल्मीकि बस्ती में उनके साथ वारदात हुई है। टीम को ले जाने वाले कार चालक गोविदराम ने बूड़िया गेट पुलिस चौकी जगाधरी को दी शिकायत में बताया कि वह स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ बस्ती में पोलियो की खुराक पिलाने के लिए आया था। स्वास्थ्य विभाग ने उनकी गाड़ी को किराए पर लिया हुआ था। जब वह कार लिए गुरुद्वारे की गली में खड़ा था तो वहां पर कुछ लोग आ गए। उन्होंने उस पर हमला कर दिया। उसके साथ मारपीट की। उसका आरोप है कि बीच बचाव कराने आए स्वास्थ्य कर्मियों के साथ भी इन्होंने अभद्र व्यवहार किया। मारपीट में लगी चोट का उन्होंने मेडिकल कराकर पुलिस को दे दिया है।
उधर, बूड़िया गेट चौकी इंचार्ज राजपाल का कहना है कि शिकायत की जांच की जा रही है। वहीं प्रधान रिकू गागट ने बताया कि पोलिया खुराक पिलाने जिस कार में टीम आई थी उसके ड्राइवर ने सड़ के बीच में खड़ा कर रखा था। उसे साइड में कार खड़ी करने के लिए कहा था, लेकिन उसने नहीं की और अभद्र भाषा बोलने लगा। वहां पर इसी बात को लेकर विवाद हुआ है। उनका कहना है कि पोलियो टीम के दूसरे सदस्यों के साथ किसी ने कोई विवाद नहीं किया है।
हमलावरों को गिरफ्तार करें : विजय
स्वास्थ्य कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष विजय कांबोज जगाधरी सिविल अस्पताल में भर्ती गोविदराम का हाल पूछने पहुंचे। विजय कांबोज ने कहा कि ऐसा व्यवहार किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस बारे में एसपी व डीसी से मिलकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी। जरूरत पड़ी तो गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के सामने भी मामला लाया जाएगा। दोषियों को तुरंत प्रभाव से गिरफ्तार नहीं किया तो स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी सख्त निर्णय लेंगे।