PNB के खजाने में मिले 7.40 करोड़ के नकली नोट, बैंक मैनेजर फंसा
सहारनपुर में करेंसी चेस्ट ऑडिट के दौरान 7.40 करोड़ रुपये के नकली नोट मिलने के मामले में जगाधरी पीएनबी शाखा ...और पढ़ें

सहारनपुर में करेंसी चेस्ट में ऑडिट के दौरान 7.40 करोड़ रुपये के नकली नोट मिलने के मामले में बैंक मैनेजर पर केस दर्ज।
HighLights
सहारनपुर करेंसी चेस्ट में 7.40 करोड़ नकली नोट मिले
जगाधरी पीएनबी के चेस्ट प्रबंधक अमित कुमार निलंबित
नकली नोट मिलने के समय अमित सहारनपुर में थे
जागरण संवाददाता, यमुनानगर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में करेंसी चेस्ट में ऑडिट के दौरान 7.40 करोड़ रुपये के नकली नोट मिलने के मामले में पंजाब नेशनल बैंक जगाधरी शाखा के चेस्ट प्रबंधक अमित कुमार फंस गए हैं।
उनका लगभग एक माह पहले ही सहारनपुर से यहां तबादला हुआ है। उन पर सहारनपुर में केस दर्ज हैं, क्योंकि ऑडिट में जो नकली नोट मिले हैं। उस समय वह करेंसी चेस्ट के प्रबंधक थे। वहीं, सहारनपुर मंडल कार्यालय पीएनबी के वरिष्ठ प्रबंधक निशा सिंह ने अमित कुमार सहित तीन के निलंबन की पुष्टि की है।
दरअसल, बैंकों में करेंसी चेस्ट का अलग से विभाग होता है। इसमें सभी बैंकों से आने वाली नकदी जमा होती है। जिसे यहां से रिजर्व बैंक को भेजा जाता है। सहारनपुर में करेंसी चेस्ट का ऑडिट हुआ तो उसमें 7.40 करोड़ रुपये के नकली नोट मिले हैं तो मामला उजागर हुआ।
इस मामले में सहारनपुर में मंडल कार्यालय के वरिष्ठ प्रबंधक रवि कुमार, करेंसी चेस्ट प्रबंधक सुशील शर्मा और हरियाणा के खेड़ा बाजार जगाधरी में तैनात चेस्ट प्रबंधक अमित कुमार पर केस दर्ज हुआ है। अब सहारनपुर पुलिस इस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।
वहीं, यह मामला सामने आने के बाद जगाधरी स्थित शाखा में हलचल है। सूत्रों के मुताबिक जांच की आंच यहां तक भी पहुंच सकती है। यहां के चेस्ट का ऑडिट भी हो सकता है। बैंक अधिकारी इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं।
एलडीएम बोले- मामले की जानकारी नहीं
एलडीएम सुभाष चंद्र का कहना है कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। अभी वह बाहर हैं। कार्यालय आने के बाद ही कुछ पता लग सकेगा। आरोपित प्रबंधक अमित कुमार के नंबर पर काल की गई तो उनका नंबर बंद आया।
