आरोपित उद्योगपति की पत्नी बोली- पति से शादी करना चाहती थी पिंकी, करती थी ब्लैकमेल
पिंकी हत्याकांड के आरोपित उद्योगपति कमल की पत्नी ने कहा कि पिंकी उसके पति से शादी करना चाहती थी। वह उसे ब्लैकमेल कर रही थी।
जेएनएन, यमुनानगर। पिंकी हत्याकांड मामले में अभियुक्त कमल कपूर की पत्नी ने आरोप लगाया है कि पिंकी उसके पति से शादी करना चाहती थी। वह उन्हें ब्लैकमेल कर रही थी। साथ ही वह पांच लाख रुपये भी मांग रही थी। गत शनिवार को ही पिंकी घर में चाकू लेकर घुस गई थी। उधर पुलिस सोमवार शाम को गिरफ्तार किए गए कमल कपूर से ये नहीं उगलवा सकी कि उसने पिंकी की हत्या क्यों की। पुलिस ने मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
कमल कपूर की पत्नी सोनिया ने बताया कि पिंकी के बारे में कमल ने उसे कभी कुछ नहीं बताया था। वे काफी दिनों से परेशान थे, लेकिन इसकी वजह किसी को नहीं बता रहे थे। 14 अप्रैल शाम सात बजे पिंकी अकेली उनके घर पर आई थी। उसके हाथ में चाकू था।
इससे पहले उन्होंने पिंकी को कभी नहीं देखा था। उसके हाथ में चाकू देखकर वो घबरा गए थे। पिंकी ने आते ही घर में हंगामा किया। वह उनसे कहने लगी कि वो कमल से शादी करना चाहती है। साथ ही उसे पांच लाख रुपये भी चाहिए। उसने पिंकी से कहा कि कमल पहले से शादीशुदा है तो वह बोली कोई बात नहीं।
वह उन दोनों के साथ रह लेगी। इसके बाद पिंकी वहां से चली गई। मगर वह अपने साथ लाए चाकू को उनके घर पर ही भूल गई। यह चाकू उन्होंने पुलिस को सौंप दिया है। बता दें कि 14 अप्रैल की रात ही पिंकी की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी।
पत्नी को देख रोने लगा कमल
शहर थाना में बंद अभियुक्त कमल से मंगलवार को उसकी पत्नी सोनिया, भाभी किरण व बहन मिलने पहुंची। मगर पुलिस ने मना कर दिया। इसके बाद भी सोनिया लॉकअप के नजदीक पहुंच गई, जहां पर कमल उसे देखकर रोने लगा। कमल ने कहा कि मैं तुम्हारा गुनहगार हूं। मुझे माफ कर दो। सोनिया भी पति को देखकर अपने आंसू नहीं रोक पाई।
-----
कमल कपूर को दो दिन के रिमांड पर लिया है। उससे पूछताछ की जाएगी कि उसने पिंकी की हत्या क्यों की है। ओमप्रकाश, एसएचओ, सिटी यमुनानगर
यह भी पढ़ेंः कार दुर्घटनाग्रस्त हुई तो बोली महिला- लिफ्ट लेकर बैठी थी, युवक ने किया दुष्कर्म