बीवी को तलाक देनेवाले को लोगों ने काॅलोनी से निकाला, अधेड़ ने ममेरी बहन से ही की शादी
यमुनानगर में लोगों ने ममेरी बहन से शादी करने आैर पत्नी को तीन तलाक देने वाले व्यक्ति को लोगों ने कॉलोनी से निकाल दिया है। पंचायत ने उसे दोबारा कॉलोनी में नहीं आने काे कहा।
जेएनएन, यमुनानगर। ममेरी बहन से निकाह कर बीवी को तलाक देने वाले व्यक्ति को लोगों ने कॉलोनी से निकाल दिया। लोगों की इस मुद्दे पर पंचायत हुई और इसमें फैसला हुआ कि वह मकान पहली पत्नी के नाम कर देगा और कॉलोनी छोड़कर चला जाएगा। उससे कहा गया कि अब वह कभी कॉलोनी में नहीं आएगा। शख्स ने पंचायत का फैसला मंजूर कर लिया और दूसरी पत्नी के साथ कॉलोनी छोड़कर चला गया। घटना शहर के रहीमियां कॉलोनी की है।
घर रहेगा पहली बीवी के नाम, दोबारा कॉलोनी में आया शौहर तो पंचायत करेगी कार्रवाई
बता दें कि कॉलोनी के मुनफीद नामक व्यक्ति ने अपनी ममेरी बहन से शादी कर ली थी और पत्नी को तीन बार तलाक देकर घर से निकाल दिया था। 50 साल के मुनफीद के चार बच्चे हैं। इसके बाद पत्नी ने पुलिस में शिकायत दी और इस मामले पर लागों की पंचायत हुई। पंचायत में फैसला किया गया कि मुनफीद अपना मकान पहली पत्नी के नाम कर देगा। इसके साथ ही वह कॉलोनी छोड़कर चला जाएगा। इसके बाद वह कभी कॉलोनी में नहीं अाएगा।
पंचों ने फैसला दिया कि यदि मुनफीद दोबारा यहां पर आता है, तो सभी लोग उसे मिलकर बाहर निकाल देंगे और सरेआम उसे जूते मारे जाएंगे। मुनफीद ने पंचायत का फैसला कुबूल कर लिया और मकान पत्नी के नाम करने के लिए राजी हो गया। उसकी पहली बीवी ने भी पंचायत के फैसले को मान लिया और पुलिस कार्रवाई न कराने को राजी हो गई।
पंचायत में हुए समझौते पर मुनफीद, उसकी पहली बीवी, हुसनैन, फारुख, जब्बार, गुफराव व असलम ने हस्ताक्षर किए। इसके बाद मुनफीद अपनी दूसरी पत्नी के साथ कॉलोनी छोड़कर चला गया।
बता दें कि मुनफीद की बीवी ने रविवार को छछरौली थाने में शिकायत दी थी। उसने कहा था कि उसका शौहर कई महीनों से मारपीट कर उसे परेशान कर रहा था। इस दौरान मुनफीद ने अपने मामा की लड़की से निकाह कर लिया। जब वह मामा की लड़की को घर पर लाया, तो उसकी पहली बीवी ने विरोध किया। इसपर मुनफीद पहली बीवी को तलाक दे दिया। इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से पंचायत बुलाई गई।