दंपती की हत्या के आरोपित तीन दिन के रिमांड पर, जेवरात व रॉड बरामद करेगी पुलिस
पुरानी अनाज मंडी की गोमती गली में 80 वर्षीय ऋषिपाल गोयल व उनकी पत्नी की हत्यारों को पुलिस ने रिमांड पर लिया है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
पुरानी अनाज मंडी की गोमती गली में 80 वर्षीय ऋषिपाल गोयल व उनकी पत्नी 75 वर्षीय स्नेहलता की हत्या के आरोपित इंद्रा कालोनी निवासी हर्ष व गोमती गली निवासी रजत को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया। सीआइए वन की टीम ने उनका पांच दिन का रिमांड मांगा, लेकिन कोर्ट से तीन दिन का रिमांड मिला। सब इंस्पेक्टर गुरमेज सिंह ने बताया कि रिमांड की अवधि में आरोपितों से वारदात में प्रयोग रॉड बरामद करनी है। आरोपितों के पास दो रॉड थी। एक उन्होंने खाली प्लाट और एक किराये के मकान में छिपा रखी है। आरोपित हर्ष पर पहले भी बाइक चोरी के आरोप में एक केस दर्ज है।
बता दे कि स्टेट बैंक आफ इंडिया से सेवानिवृत्त ऋषिपाल गोयल व उनकी पत्नी स्नेहलता की नौ मई को हत्या कर दी गई थी। वह घर पर अकेले रहते थे। अगले दिन उनकी पुत्रवधु हिमाचल प्रदेश के पांवटा निवाी रेणूका गोयल ने कॉल की, तो कॉल रिसीव नहीं हुई। जिस पर उन्होंने अपने भतीजे सरस्वती कालोनी निवासी विवेक को घर पर भेजा। जहां पर उनके सास व ससुर मृत पड़े थे। इस डबल मर्डर से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। स्वजनों ने भी किसी जानकार पर ही हत्या किए जाने का शक जताया था। इसी आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
छत के रास्ते आए थे आरोपित :
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपित रजत व हर्ष छत के रास्ते दंपती के मकान में घुसे थे। जाग होने पर दोनों ने पहले स्नेहलता के सिर पर रोड से वार किया। जिससे वह बेड पर जा गिरी। फिर तकिए से उसका मुंह दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद ऋषिपाल गोयल की भी तकिया मुंह पर रखकर हत्या कर दी थी। दोनों ने यहां से दो सोने की चेन, चार चूड़िया, दो सोने के कड़े, पांच अंगूठियां, दो चांदी के सिक्के लूटे। हालांकि दोनों यहां पर चोरी के इरादे से घुसे थे, लेकिन जाग होने पर पकड़े जाने के डर से उन्होंने दंपती को मार डाला। यहां से उन्हें नकदी अधिक नहीं मिल सकी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपित छत के रास्ते ही अपने कमरे पर चले गए थे। सुबह जब हत्या का पता लोगों को लगा, तो वह कमरे से भाग गए थे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि मुख्य दरवाजा पहले से ही खुला हुआ था।