नौकरी जाने से था आहत, गुस्से में प्रेमिका के बेटे की ले ली जान
पोल्ट्री फार्म पर काम करने वाले युवक की नौकरी गई तो वह परेशान रहने लगा। उसने एक दिन रात को साथ रह रही प्रेमिका के बेटे को मार डाला।
जेएनएन, यमुनानगर। औरंगाबाद में पोल्ट्री फार्म की नौकरी जाने से आहत नेपाल निवासी विजय ने अपनी प्रेमिका के पांच साल के बेटे मुनीष की हत्या कर दी और शव गन्ने के खेत में फेंक दिया। रात को मां की आंख खुली तो बेटे का गायब पाया। इसी दौरान लोगों ने विजय के कपड़ों पर खून और पैरों पर कीचड़ देखा तो उन्हें शक हुआ। लोगों ने सख्ती से पूछताछ की तो अभियुक्त ने सच्चाई बयां कर दी।
सूचना पर एफएसएल की टीम व थाना सदर यमुनानगर से सब इंस्पेक्टर सतपाल सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। एसआइ सतपाल सिंह ने बताया कि हत्या का केस दर्ज कर अभियुक्त विजय को गिरफ्तार कर लिया है। उधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि हत्या से पहले मुनीष की बाजू व गर्दन की हड्डियों को बुरी तरह से तोड़ा गया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई।
15 दिन पहले आए थे दोनों
नेपाल के जिला मोरंग के गांव हरकपुर निवासी सीतल ने बताया कि वह औरंगाबाद में इंद्रजीत पोल्ट्री फार्म पर काम करता है। गांव की ही महिला ने एक माह पहले फोन कर यमुनानगर में काम के बारे में पूछा था। उसने फार्म संचालक से उसके लिए काम की बात की। उसने फोन कर महिला को औरंगाबाद बुलाया। उसके साथ उसका पांच साल का बेटा मुनीष व प्रेमी विजय भी था। 15 दिन से दोनों पोल्ट्री फार्म पर काम कर रहे थे।
शराब पीकर करता था झगड़ा
सीतल के मुताबिक विजय शराब पीने का आदी था। शुक्रवार शाम को भी विजय शराब पीकर आया था। उसने मुन्नी से झगड़ा किया। इसी दौरान मुनीष भी विजय के पास चला गया। विजय ने मुनीष को भी बुरी तरह से पीटा था। इस पर पोल्ट्री फार्म संचालक इंद्रजीत ने विजय को नौकरी से निकाल दिया। इससे खफा होकर विजय शुक्रवार रात को प्रेमिका के कमरे में गया और मुनीष को उठाकर ले गया।
मां उठी तो उसे नहीं दिखा मुनीष
रात एक बजे मुन्नी की आंख खुल गई। मुनीष वहां नहीं था। उसने आसपास लोगों से पूछा, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। लोग बच्चे को खोजते हुए विजय के कमरे में गए तो विजय की कमीज पर खून लगा था और पांव कीचड़ से सने हुए थे। पूछने पर उसने बताया कि वह ठेके पर शराब पीने गया था। शक होने पर दो लोग नजदीक के दो ठेकों पर गए तो पता लगा कि विजय तो वहां आया ही नहीं। सख्ती से पूछताछ करने पर विजय ने मुनीष की हत्या की बात कबूल कर ली। लोग विजय को साथ लेकर खेतों की तरफ गए। वहां मुनीष का शव पड़ा हुआ था। पास में ही बच्चे के कपड़े, मुन्नी का मोबाइल व अन्य सामान जला पड़ा था।
बिना शादी के रह रहा था साथ
सीतल ने बताया कि महिला को उसके पति ने छोड़ दिया था। तब से वह बेटे के साथ पिता के पास रह रही थी। इसी दौरान उसकी विजय से मुलाकात हुई। करीब पांच माह से वह दोनों बिना शादी के ही साथ रह रहे थे।
यह भी पढ़ेंः चार बॉडी मसाज पार्लरों में चल रही थी जिस्मफरोशी, सीजेएम की दबिश पर 16 गिरफ्तार