27 मिनट में 130 करोड़ 50 लाख का बजट पास, पार्षदों ने दिया बैठक को हवा-हवाई करार
27 मिनट की बैठक में वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए नगर निगम का 130 करोड़ से अधिक का बजट पास हो गया।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
27 मिनट की बैठक में वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए नगर निगम का 130 करोड़ 55 लाख 50 हजार रुपये का बजट पास हो गया। 128 करोड़ 94 लाख 51 हजार खर्च किए जाने पर सहमति हुई। कई पार्षद पहुंचे ही नहीं कि बैठक पहले ही संपन्न हो गई। हालांकि पार्षदों ने इसे हवा-हवाई बैठक करार दिया। यहां तक कह गए कि यदि समोसा ही खाने के लिए बुलाया था तो घर ही भिजवा देते। मेयर मदन चौहान ने बताया कि आवश्यक कार्य के लिए चंडीगढ़ जाना था इस कारण बैठक की कार्रवाई जल्दी कराई गई। करों की रिकवरी में हम पिछडे़ क्यों
10 बजकर 22 मिनट पर बैठक की कार्रवाई शुरू हुई। जैसे ही आय-व्यय का लेखा जोखा प्रस्तुत हुआ तभी वार्ड 13 से पार्षद निर्मल चौहान ने अधिकारियों से सवाल किया कि आखिर करों की रिकवरी में हम पिछड़ क्यों रहे हैं? प्रॉपर्टी टैक्स के बकायादारों पर निगम की ओर से क्या कार्रवाई की गई है? सरकारी विभागों पर करोड़ों रुपये बकाया है। कार्रवाई से गुरेज क्यों किया जा रहा है। इस पर ईओ अरुण भार्गव का जवाब था कि कोरोना के कारण रिकवरी कम हुई है। फिर भी स्थिति में काफी सुधार है। सरकारी विभागों से रिकवरी के लिए पत्राचार किया जा रहा है। समय अभाव में बैठक की औपचारिकता क्यों
वार्ड चार से पार्षद देवेंद्र कुमार ने कहा कि जब समय अभाव था तो बैठक बुलाने की औपचारिकता क्यों की। उन्होंने कहा कि वर्ष-20-21 में रिकवरी का लक्ष्य 115 करोड़ 81 लाख रुपये का था, जबकि अधिकारी केवल 37 करोड़ 25 लाख की रिकवरी कर पाए। इस पर कमिश्नर धर्मवीर ने कहा कि विकास के लिए अन्य योजनाओं के तहत ग्रांट आती है। विज्ञापन के टेंडर क्यों नहीं हो रहे
बैठक में विज्ञापन के लिए टेंडर न किए जाने का मुद्दा भी उठाया गया। पार्षद विनय कांबोज ने कहा कि विज्ञापनों के लिए टेंडर न होने का फायदा सत्ता में बैठे नेता उठा रहे हैं। जगह-जगह इनके फ्लेक्स व होर्डिंग लगे हुए हैं, लेकिन निगम के अधिकारी चुप हैं। वार्ड 22 से पार्षद सविता कांबोज ने कहा कि टेंडर के लिए गठित कमेटी में पार्षदों को भी शामिल किया जाए। टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो, ताकि निगम की आमदन बढ़े। मेयर मदन चौहान ने भी पार्षदों का समर्थन किया। एमई मृणाल जायसवाल को टेंडर प्रक्रिया के लिए कहा।