युवक ने पहले खुद किया किशोरी से दुष्कर्म, फिर चार युवकों के हवाले किया
युवक पश्चिमी बंगाल से किशोरी को अपने साथ लाया। बाद में उसने खुद किशोरी से दुष्कर्म किया और फिर उसे चार दोस्तों के हवाले कर दिया।
जेएनएन, यमुनानगर। युवक काम दिलाने के बहाने पश्चिमी बंगाल से अपने साथ 12 वर्षीय किशोरी को दिल्ली ले आया। वहां पहले युवक ने खुद किशोरी से दुष्कर्म किया और फिर उसे चार दोस्तों के हवाले कर दिया। चारों युवकों ने बाद में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म किया। दिल्ली से किसी तरह जगाधरी पहुंची किशोरी की शिकायत पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
चाइल्ड वेलफेयर की चेयरपर्सन रिचा बुद्धिराजा को सूचना मिली थी कि जगाधरी रेलवे स्टेशन पर 12 वर्षीय लड़की संदिग्ध हालत में घूम रही है। काउंसलिंग की तो लड़की ने बताया कि वह पश्चिम बंगाल के जलपाइगुड़ी के गांव बेनरोहट की रहने वाली है। उनका परिवार बहुत ही गरीब है।
गत 27 जनवरी 2017 को उसके गांव के लड़के अविदान ने परिजनों से कहा था कि उसे दिल्ली में काम दिला देगा। झांसे में आकर परिवार ने उसे आरोपित के हवाले कर दिया। लड़की ने बताया कि आरोपित ने उसके साथ वहीं पर दुष्कर्म किया। दिल्ली लाकर उसने उसे अपने अन्य चार साथियों के हवाले कर दिया।
किशोरी के मुताबिक इन आरोपितों ने भी उसके साथ गलत काम किया। किसी तरह वह आरोपितों से छूटकर ट्रेन में बैठकर जगाधरी रेलवे स्टेशन पर पहुंची। पुलिस ने आरोपित अविदान, सूरज, इंद्रेश, अनिकेत व सवास के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और एफआइआर की प्रति को पश्चिमी बंगाल में संबंधित पुलिस स्टेशन में जांच के लिए भेज दिया है।