'मैं विजय थलापति बोल रहा हूं...', हरियाणा में तमिलनाडु का CM बनकर महिला को लगाया 7.72 लाख का चूना
यमुनानगर में साइबर ठगों ने तमिलनाडु के सीएम विजय थलापति के नाम पर फर्जी फेसबुक पेज बनाकर एक दंपती से 7.72 लाख रुपये ठग लिए।
-1791911482710_m.webp)
तमिलनाडु के सीएम विजय थलापति के नाम से काल कर महिला से ठगे आठ लाख।
HighLights
साइबर ठगों ने सीएम विजय थलापति के नाम पर ठगा
फर्जी फेसबुक पेज से मकान बनवाने का झांसा दिया
यमुनानगर दंपती से 7.72 लाख रुपये की ठगी हुई
जागरण संवाददाता, यमुनानगर। साइबर ठगों ने तमिलनाडु के सीएम विजय थलापति के नाम पर फर्जी फेसबुक पेज बनाकर अमादलपुर निवासी जाकिर हुसैन और उसकी पत्नी मोमिना को ठगी का शिकार बना लिया।
मकान बनवाने में मदद का भरोसा देकर उनसे रजिस्ट्री और अन्य खर्चों के नाम पर सात लाख 72 हजार रुपये अलग-अलग खातों में जमा करा लिए। 12 से 22 अगस्त के बीच रकम जमा कराने के बाद आरोपितों ने संपर्क करना बंद कर दिया।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एसआइ दीपिका ने बताया कि महिला के साथ साइबर ठगी हुई है। मामले की जांच जारी है।
फेसबुक पेज के जरिये संपर्क में आए ठग
पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मोमिना ने फेसबुक पर सीएम विजय थलापति फाउंडेशन के नाम से एक पेज देखा था। इसमें दावा किया था कि यह संस्था मुख्यमंत्री की है और गरीब लोगों की मदद करती है। पेज पर संपर्क के लिए एक मोबाइल नंबर भी दिया गया था। मोमिना ने उस नंबर पर चैटिंग की, जिसके बाद उनके वॉट्सऐप पर संदेश आने लगे।
वॉट्सऐप पर बातचीत के दौरान दूसरी ओर से बात करने वाले व्यक्ति ने खुद को सीएम विजय थलापति बताया। उसने कहा कि उनकी संस्था जरूरतमंद लोगों की मदद करती है। मोमिना ने बताया कि उनके पास मकान नहीं है और उन्हें घर बनवाने के लिए सहायता चाहिए।
रजिस्ट्री के नाम पर जमा कराई रकम
आरोपित ने बातचीत में मोमिना को भरोसा दिलाया कि मकान बनवाने में कुछ मदद वह करेंगे, जबकि कुछ राशि का इंतजाम उन्हें खुद करना होगा। मकान की रजिस्ट्री के लिए रुपये जमा कराने की बात कही। झांसे में आकर दंपती तैयार हो गए और 12 से 22 अगस्त के बीच अलग-अलग खातों में कुल 7 लाख 72 हजार रुपये जमा करा दिए।
इसके बाद संबंधित नंबर पर संपर्क नहीं हो सका। मोमिना और उनके पति ने जानकारों से बातचीत की तो उन्हें साइबर ठगी का पता चला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
