प्रेमजाल में फंसाकर दसवीं की छात्रा को घर से बुलाया, फिर दोस्तों संग बनाया दुष्कर्म का शिकार
एक नाबालिग ने दसवीं की छात्रा को प्रेमजाल में फंसा लिया। इसके बाद उसने फोन कर उसे रात में घर से बाहर बुलाया व कार में ले जाकर उससे दुष्कर्म किया। इसमें उसके दो दोस्तों ने मदद की।
जेएनएन, यमुनानगर। फर्कपुर थाने क्षेत्र के एक गांव में एक नाबालिग ने दसवीं की छात्रा को प्रेमजाल में फंसाया। फिर बहका कर रात में कार से घर से बाहर ले गया और रास्ते में एक जगह उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपित के साथ उसके दो दोस्त भी थे। इसके बाद मुख्य आरोपित उसे बाइक पर बैठाकर ले जाने लगा तो वह कूद पड़ी। पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपित पर दुष्कर्म और अपहरण और उसके दोनों दोस्तों पर अपहरण व पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
पीडि़ता की मां ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात को परिवार के सभी सदस्य सोए हुए थे। जब वह मंगलवार सुबह करीब चार बजे उठी तो उनकी छोटी लड़की बिस्तर पर नहीं थी। पति का मोबाइल बेटी के पास रहता था, वह भी बंद था। फोन ऑन किया तो पता चला कि चार बार एक ही नंबर से कॉल आई हुई थी। जब उस नंबर पर दोबारा कॉल की गई तो फोन उठाने वाले ने बताया कि उनकी लड़की रुलाखेड़ी से थोड़ा पहले ही बाइक से उतर गई थी।
इस पर उसका बेटा, देवर व पति रुलाखेड़ी पहुंचे और उसे घर ले आए। पीडि़ता ने परिवार वालों को बताया कि मुख्य आरोपित उसका परिचित है। उसने रात में फोनकर घर के बाहर बुलाया। जब वह घर से बाहर आई तो उसे बहकाकर कार में बैठा लिया। कार में उसके साथ दो अन्य युवक थे।
लड़की ने बताया कि वे उसे कैल के पास ले गए, जहां उसके जानकार ने तीन बार दुष्कर्म किया। वहां से वह उसे बाइक पर बैठाकर ले जाने लगा, लेकिन रास्ते में वह बाइक से कूद गई। उसके बाद सुबह उसके परिवार वाले पहुंचे और घर ले आए। थाना फर्कपुर के प्रभारी पृथ्वी सिंह ने बताया कि पीडि़ता और तीनों आरोपित नाबालिग हैं।