लॉकडाउन : दिन में मुख्य सड़कों पर सन्नाटा, कॉलोनियां गुलजार
लॉकडाउन का पालन करने में लोग सहयोग नहीं कर रहे हैं। दिन में मुख्य सड़कों पर पुलिस की वजह से सन्नाटा रहता है लेकिन कॉलोनियों में लोग घूम रहे हैं। कही पर तो एक ही जगह पर आठ-दस लोग खड़े रहते हैं। वहीं शाम ढलते ही चौक चौराहों से पुलिस भी गायब हो जाती है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
लॉकडाउन का पालन करने में लोग सहयोग नहीं कर रहे हैं। दिन में मुख्य सड़कों पर पुलिस की वजह से सन्नाटा रहता है, लेकिन कॉलोनियों में लोग घूम रहे हैं। कही पर तो एक ही जगह पर आठ-दस लोग खड़े रहते हैं। वहीं शाम ढलते ही चौक चौराहों से पुलिस भी गायब हो जाती है। जिस वजह से लोग लॉकडाउन को तोड़ देते हैं। शाम होते ही सड़कों पर गाड़ियां दौड़ने लगती हैं।
कोरोना महामारी से बचाव के लिए 14 अप्रैल तक लॉकडाउन किया हुआ है। ग्राम पंचायतों की ओर से जहां ठीकरी पहरे लगा दिए गए हैं, वहीं शहर के लोग नहीं सुधर रहे हैं। जब भी मौका मिलता है, वह घरों से बाहर निकल आते हैं। शहर की मुख्य सड़कों पर दिन में पुलिस तैनात रहती है। इसलिए लोग उधर से नहीं निकलते, लेकिन अंदर कॉलोनियों में लॉकडाउन का पालन नहीं किया जा रहा है। कॉलोनियों में अंदर पुलिस की भी गस्त नहीं होती। जिसका फायदा लोग उठाते हैं। पुराना रादौर रोड व खेड़ा बाजार में लगी रहती है भीड़
पुराना रादौर रोड व खेड़ा बाजार में दिन में भी भीड़ लगी रहती है। खेड़ा बाजार में लोगों की आवाजाही रोकने के लिए रास्ता भी बंद किया गया, लेकिन उसका भी कोई असर नहीं हुआ। यहां पर अक्सर लोग एकत्र खड़े रहते हैं। वहीं रादौर रोड पर सबसे अधिक किरयाने की दुकानें हैं। इसलिए यहां पर भीड़ रहती है। कई बार यह भीड़ ऐसी हो जाती है। जिससे लॉकडाउन टूट जाता है। कई दुकानों पर शारीरिक दूरी का भी ध्यान नहीं रखा जाता। जगाधरी एरिया शाम को गुलजार :
जगाधरी एरिया में शाम को बाजार गुलजार हो जाते हैं। यहां पर शाम को बाजारों में भीड़ हो जाती है। पुलिस नदारद रहती है। जिस वजह से लोग नियमों को तोड़ देते हैं। दूसरी ओर शाम के समय पुलिस भी चौक चौराहों पर मुस्तैद नहीं होती। जिस वजह से लोग शाम को वाहन लेकर निकल पड़ते हैं। शाम को सड़कों पर दौड़ रही गाड़ियों को देखकर नहीं लगता कि जिले में लॉकडाउन हुआ है। पुलिस प्रवक्ता चमकौर सिंह का कहना है कि लोगों को पुलिस का सहयोग करना चाहिए। लॉकडाउन का पालन करें। तभी वह सुरक्षित रहेंगे। यह सभी के लिए जरूरी है। काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। पुलिस भी लगातार कार्रवाई कर रही है। यदि कोई बेवजह घरों से बाहर घूमता मिला, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।