नाटक के माध्यम से डाला रवींद्र नाथ टैगोर के जीवन पर प्रकाश
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : मुकंद लाल पब्लिक विद्यालय सरोजनी कॉलोनी में गुरुदेव रवींद्रनाथ टैग
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : मुकंद लाल पब्लिक विद्यालय सरोजनी कॉलोनी में गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर का जन्मदिवस मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में अंत: सदन नाटक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें सत्य सदन, शांति सदन, शक्ति सदन व श्रद्धा सदन के विद्यार्थियों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। सभी सदनों ने रवींद्रनाथ टैगोर के नाटकों का मंचन किया। नाटकों में मानवीय संवेदनाओं का पक्ष मुख्य रूप से दर्शाया गया।
श्रद्धा सदन के विद्यार्थियों ने 'अनाथ' नाटक का मंचन किया व इसमें बखूबी दर्शाया कि एक बहन किस प्रकार माता-पिता के न रहने पर अपने भाई का पालन करती है। शांति सदन द्वारा प्रस्तुत नाटक का शीर्षक 'चूहों की दावत' था। शक्ति सदन द्वारा प्रस्तुत नाटक 'मुस्लिम लड़की' में कलाकारों ने सिद्ध किया कि मानवता ही सबसे बड़ा धर्म है। सत्य सदन द्वारा प्रस्तुत नाटक 'धन की भेंट' अत्यंत मर्मस्पर्शी रहा। इस मौके पर सत्य सदन प्रथम, श्रद्धा सदन द्वितीय व शांति सदन तृतीय स्थान पर रहा।
प्रधानाचार्या शशि बाटला ने बच्चों के अभिनय की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों की प्रतिभा को प्लेटफार्म मिलता है। नोबेल पुरस्कार विजेता रवींद्रनाथ टैगोर बहुआयामी प्रतिभा के धनी थे। वे न केवल कवि, नाटककार, संगीतज्ञ व शिक्षाशास्त्री थे बल्कि एक महामानव भी थे।