कारगिल युद्ध विजय के बाद भारत देश वैश्विक ताकत बन कर उभरा : कंवर पाल
कारगिल घाटी में वर्ष 1999 में पाकिस्तान की कायराना हरकत का करारा जवाब देते हुए वीर भारतीय सेना ने उसे कारगिल की रणभूमि में धूल चटा दी थी।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : शिक्षामंत्री कंवर पाल ने कहा कि कारगिल विजय दिवस हमारे जांबाज सैनिकों की वीरता शौर्य और बलिदान की याद दिलाता है। कारगिल घाटी में वर्ष 1999 में पाकिस्तान की कायराना हरकत का करारा जवाब देते हुए वीर भारतीय सेना ने उसे कारगिल की रणभूमि में धुल चटा दी थी। 60 दिन के पश्चात 26 जुलाई 1999 को भारतीय सेना को युद्ध में विजय मिली। इसलिए भारतीय सेना के इस विजयी दिन को कारगिल विजय दिवस के रुप में मनाया जाता है
उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध विजय के बाद भारत देश वैश्विक ताकत बन कर उभरा। अब भारत देश से लड़ने से पहले दुश्मन उसके नतीजों के बारे में सोचता है। कारगिल युद्ध में 26 जुलाई को भारत को विजय के 21 साल पूरे हो गए हैं। वर्ष-1999 में भारत और पाकिस्तान के बीच 18000 फीट की ऊंचाई पर युद्ध हुआ था। शिक्षा मंत्री ने बताया कि कारगिल युद्ध में हरियाणा प्रदेश के 78 जांबाज वीर सैनिक, दुश्मन को सबक सिखाते हुए शहीद हुए, कारगिल विजय दिवस, कारगिल युद्ध में शहीद हुए भारतीय जवानों के सम्मान में मनाया जाता है।