बच कर चले यहां हर-पग पर लगे लोहे के पोल, कई बार दौड़ चुका करंट
औद्योगिक क्षेत्र में ही बिजली के लोहे के पोल नहीं लगे हैं। शहर की अधिकतर कॉलोनियों में ऐसे पोल लगे हैं जिनमें अक्सर करंट दौड़ता है। बरसात के सीजन में अंदेशा और बढ़ जाता है।
जागरण संवादददाता, यमुनानगर : औद्योगिक क्षेत्र में ही बिजली के लोहे के पोल नहीं लगे हैं। शहर की अधिकतर कॉलोनियों में ऐसे पोल लगे हैं जिनमें अक्सर करंट दौड़ता है। बरसात के सीजन में अंदेशा और बढ़ जाता है। इसके बावजूद बिजली निगम की ओर से इस तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा है। लोगों की ये दिक्कत मंगलवार को सामने आई। इस दौरान नजर आया कि ट्विन सिटी में पग-पग पर खतरे के पोल लगे है। 11.15 बजे राजा राम कॉलोनी
यहां सड़क किनारे गई पोल लगे दिखाई दिए। इनमें से अधिकतर लोहे के हैं। कॉलोनी निवासी विवेक ने बताया कि यहां बिजली के अधिकतर पोल लोहे के हैं। सीमेंट के नाममात्र हैं। लोहे के पोल में बरसात के सीजन में अक्सर करंट आने की शिकायत उनकी रहती है। इसकी शिकायत करने का भी कोई फायदा नहीं हुआ। इतना जरूर हुआ कि बिजली कर्मचारी दौरा करने आए। जल्द हटाने का भरोसा देकर चले गए। 12.15 बजे तेजली परिसर के समीप
तेजली खेल परिसर के पीछे लोहे के दो पोल लगे थे। इनमें से एक पोल थोड़ा झुका हुआ था। यहां कई तार ढीले भी थे। जो लटके हुए थे। कॉलोनी निवासी राहुल ने बताया कि हवा के साथ तार टूट जाते है। इससे बिजली आपूर्ति घंटों बाधित रहती है। इन तारों कीे ठीक कराने में मशक्कत करनी पड़ती है। कारण है अधिकारी फोन तक नहीं उठाते हैं। जिससे तार देरी में ठीक किए जाते हैं। 1.25 बजे कांलिदी कॉलोनी
यहां छात्रावास के नजदीक लोहे के चार पोल लगे हैं। कॉलोनी निवासी विक्रम, अजय ने बताया कि लोहे के पोल काफी समय से लगे हैं। एक तो छात्रावास के मोड़ पर है। दूसरा सड़क के साथ लगा है। बाकि पोल यहां सीमेंट के हैं। लोहे के पोल अब जर्जर अवस्था में है। इनको बदलने के लिए अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे। 1.45 बजे बीकेडी रोड
बूड़िया-खदरी-देवधर मार्ग पर पेट्रोल पंप के नजदीक सीमेंट का पोल दो माह से झुका है। सड़क से ऊंचाई कम रह गई। इसकी स्थिति देखकर लगता है कि अगर इसको ठीक नहीं किया गया तो गिर जाएगा। जिससे तार सड़क पर गिरने का डर बना है। फैक्टरी में कार्यरत पंकज ने बताया कि वे भी काफी समय से देख रहे हैं कि पोल झुका है। इस रास्ते से बिजली निगम के अधिकारी और कर्मचारी गुजरते हैं। इनका ध्यान इस तरफ नहीं जाता। अनदेखी राहगीरों को कभी भी भुगतना पड़ सकता है। एसडीओ सुखविद्र सिंह का कहना है कि इस पोल को जल्द दुरस्त करा दिया जाएगा।