विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में किसानों के लिए राहतभरा फैसला, प्रति एकड़ 27 क्विंटल की सीमा हटी; पैदावार ज्यादा होने पर भी होगी खरीद

Published: Mon, 19 Oct 2026 12:24 PM (IST)

हरियाणा सरकार ने किसानों को राहत देते हुए धान खरीद पर प्रति एकड़ 27 क्विंटल की सीमा हटा दी है। ...और पढ़ें

हरियाणा की मंडियाें में पहुंच रहा धान। (सांकेतिक फोटो)

हरियाणा की मंडियाें में पहुंच रहा धान। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. प्रति एकड़ पैदावार 35 क्विंवटल तक पहुंच रही।

  2. किसान अधिक पैदावार भी बेच सकेंगे आसानी से।

  3. अतिरिक्त धान का 48 घंटे में होगा सत्यापन।

संजीव कांबोज, यमुनानगर। हरियाणा के किसानों के लिए अच्छी खबर है। अनाज मंडियों में धान की खरीद काे लेकर प्रति एकड़ 27 क्विंटल की सीमा हटा दी गई है। पैदावार अधिक होने पर भी धान की खरीद हो सकेगी। अब तक प्रति एकड़ 27 क्विंटल धान का ही गेट पास कट रहा था, लेकिन प्रति एकड़ पैदावार 35 क्विंवटल तक पहुंच रही है।

सरकार की ओर से जारी नोटिफिकेशन में स्पष्ट किया है कि जिन किसानों की वास्तविक धान पैदावार सरकार की ओर से निर्धारित सीमा से अधिक है। वे अतिरिक्त पैदावार की खरीद के लिए लिखित अनुरोध कर सकेंगे। संबंधित अधिकारियों को ऐसे दावों का 48 घंटे के भीतर सत्यापन करना होगा।

यदि राजस्व या कृषि विभाग में से कोई भी विभाग अतिरिक्त पैदावार के दावे की पुष्टि करता है तो निर्धारित सीमा से अधिक धान की भी खरीद की जाएगी। जिले में करीब दो लाख एकड़ में धान की रोपाई हुई थी। करीब एक लाख एकड़ रकबा ऐसा है जिसमें प्रति एकड़ 30 से 35 क्विंटल की पैदावार रही है।

तीन साल की औसत पैदावार के आधार पर तय हुई थी सीमा

सरकार ने पिछले तीन वर्षों की औसत पैदावार के आधार पर जिलेवार धान उत्पादन की सीमा निर्धारित की थी। लेकिन इस बार धान की पैदावार अव्वल होने के कारण किसानों की ओर से शिकायतें और मांगें सामने आईं कि वास्तविक पैदावार निर्धारित सीमा से काफी अधिक है।

किसान संगठनों से भी इस मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड, कृषि विभाग और जिला प्रशासन काे भी इस समस्या से अवगत करवाया गया। उसके बाद यह निर्णय लिया गया।

ऐसे होगा अतिरिक्त पैदावार का सत्यापन

निर्धारित सीमा से अधिक धान उत्पादन करने वाले किसान हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के संबंधित सचिव को लिखित आवेदन देंगे। संबंधित सचिव इन दावों को सत्यापन के लिए राजस्व अधिकारियों या कृषि विभाग के पास भेजेंगे।

सत्यापन के दौरान किसान के पिछले उत्पादन और बिक्री के रिकार्ड, जहां उपलब्ध होंगे, उन्हें आधार बनाया जाएगा। संबंधित विभागों को 48 घंटे के भीतर दावे का सत्यापन करना होगा। यदि राजस्व या कृषि विभाग में से कोई एक विभाग भी किसान की अतिरिक्त पैदावार के दावे को सही पाता है तो निर्धारित सीमा से अधिक धान की खरीद भी की जाएगी।