प्यार, कत्ल और कांवड़ यात्रा... एक्स के प्रेमी की हत्या कर गंगाजल लेने चला गया हरिद्वार, लौटते ही पुलिस ने दबोचा
यमुनानगर में संतपुरा गुरुद्वारा के पास 50 वर्षीय शिव कुमार की हत्या का राजफाश हो गया है। युवती से दोस्ती ...और पढ़ें

युवती से दोस्ती को लेकर रंजिश में की थी हत्या, वारदात को अंजाम देने के बाद कांवड़ लेने चला गया हरिद्वार।
HighLights
शिव कुमार की हत्या का राजफाश, आशीष गिरफ्तार।
युवती से दोस्ती को लेकर हुई थी रंजिश।
हत्या के बाद हरिद्वार गया था आरोपित आशीष।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर। मॉडल टाउन में संतपुरा गुरुद्वारा के पास गांव भगवानगढ़ निवासी 50 वर्षीय शिव कुमार की हत्या का सीआईए टू की टीम ने राजफाश कर दिया। यह वारदात युवती के साथ दोस्ती करने को लेकर हुई रंजिश में की गई। हत्यारोपित की पहचान लक्ष्मी नगर निवासी आशीष के रूप में हुई है। वह ब्लिंकिट में नौकरी करता है।
उसके पास एक बच्चा है। अब उसकी पत्नी गर्भवती है। वारदात को अंजाम देने के बाद वह कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार चला गया था। मंगलवार को वहां से लौटने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपित को बुधवार को कोर्ट में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया गया। डीएसी रजत गुलिया व सीआईए टू प्रभारी राकेश कुमार ने प्रेसवार्ता कर इस बारे में जानकारी दी।
पांच अगस्त को शिव कुमार मोबाइल पर बात करते हुए जा रहा था। तभी बाइक सवार ने उनके सिर पर ईंट से वार किया। उन्हें अस्पताल में लेकर गए। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। शहर यमुनानगर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया। जांच में बाइक के नंबर के आधार पर हत्यारोपित आशीष की पहचान हुई। इसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में लगी हुई थी।
युवती से दोस्ती को बनी थी दोनों में रंजिश
डीएसपी ने बताया कि शिव कुमार की दस वर्ष से एक युवती के साथ दोस्ती थी लेकिन अब दोनों के बीच मनमुटाव हो गया था। युवती की दोस्ती दो वर्ष से आशीष के साथ थी। वारदात के दिन शिव कुमार युवती से ही मिलने गया था लेकिन उसने बात नहीं की और वह चली गई।
आशीष ने उसे देख लिया। जब वह मोबाइल पर बात करते हुए चलने लगा तो आशीष ने पहले बाइक की पिछली नंबर प्लेट पर मिट्टी लगाई। इसके बाद उसने एक ईंट उठाई और मौका पाकर शिव कुमार के सिर पर वार कर दिया।
