विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'100 दिन में पैसा डबल', हरियाणा में ठगों ने लगाया 'हेरा-फेरी' वाला फॉर्मूला, दंपती से ठगे 24 लाख रुपये

Published: Wed, 07 Oct 2026 03:50 PM (IST)

यमुनानगर में एक दंपती ने '100 दिन में पैसा दोगुना' करने का झांसा देकर चार लोगों से करीब 24 लाख रुपये ठग लिए।

फोटो एआई द्वारा जनरेट की गई है।

फोटो एआई द्वारा जनरेट की गई है।

HighLights

  1. 100 दिन में पैसा दोगुना करने का झांसा दिया गया

  2. यमुनानगर में चार लोगों से 24 लाख रुपये की ठगी हुई

  3. आरोपित दंपती विक्रम चौहान और अनीता पर केस दर्ज

जागरण संवाददाता, यमुनानगर। 100 दिन में निवेश की राशि दोगुनी करने का झांसा देकर चार लोगों से करीब 24 लाख रुपये ठग लिए गए। आरोप उत्तराखंड के देहरादून निवासी विक्रम चौहान व उसकी पत्नी अनीता पर लगा है। आरोपितों ने अल्टिवा नाम से वेबसाइट बनाकर निवेश कराया। व्यासपुर थाना पुलिस ने आरोपित दंपती पर केस दर्ज किया है।

पुलिस को दी शिकायत में व्यासपुर निवासी अर्पित ने बताया कि आरोपित विक्रम चौहान व उसकी पत्नी अनीता अक्सर यहां आते थे। वह अपनी कंपनी का प्रचार करते। दावा करते थे कि कंपनी में लगाई गई राशि को 100 दिन में दोगुना कर दिया जाएगा। निवेश की रकम सुरक्षित है और तय समय के बाद उसे बढ़ाकर वापस दिया जाएगा।

इस तरह से आरोपितों की बातों में आ आए। विश्वास जमाने के लिए आरोपित आइसीआइसीआइ बैंक के दो चेक भी दे रहे थे। जिसके बाद उनकी कंपनी में साढ़े 15 लाख रुपये निवेश कर दिए।

इसके अलावा दीपक कुमार ने आठ लाख रुपये, कर्ण ने 50 हजार रुपये, संदीप ने 50 हजार रुपये निवेश किए। कुछ समय तक कंपनी के एप के माध्यम से निवेश की राशि दिखाई देती रही।

बाद में यह एप बंद हो गया। आरोपितों से संपर्क किया तो उन्होंने एप में तकनीकी दिक्कत बताई। बाद में राशि लौटाने से साफ इन्कार कर दिया गया। आरोपितों के दिए चेक बैंक में लगाए तो वह बाउंस हो गए।