हरभजन हत्याकांड: विदेश में बैठे गिल्ली राणा की मां गिरफ्तार; शूटरों को देती थी पनाह और मदद
यमुनानगर में ट्रांसपोर्टर हरभजन सिंह हत्याकांड में सीआईए-टू ने विदेश में बैठे बदमाश गिल्ली राणा की मां मीना को गिरफ्तार किया है।

हरभजन हत्याकांड : विदेश में बैठे बदमाश गिल्ली राणा की मां गिरफ्तार। फाइल फोटो
HighLights
ट्रांसपोर्टर हरभजन सिंह हत्याकांड में 10वीं गिरफ्तारी हुई
गिल्ली राणा की मां मीना शूटरों को देती थी आर्थिक मदद
काला राणा गैंग से जुड़े शूटरों की तलाश जारी है
जागरण संवाददाता, यमुनानगर। मॉडल टाउन स्थित जैक फिटनेस जिम के बाहर प्रेमनगर निवासी 62 वर्षीय ट्रांसपोर्टर हरभजन सिंह की गोलियों से भूनकर हत्या करने के मामले में सीआईए-टू की टीम ने करनाल के गांव औगंद निवासी मीना को गिरफ्तार किया है।
आरोपित मीना इस हत्याकांड के लिए शूटरों को तैयार करने व उन तक आर्थिक मदद पहुंचाने में शामिल अरविंद उर्फ गिल्ली राणा की मां है। बदमाश विदेश में है और काला राणा गिरोह के लिए कार्य करता है। सीआईए-टू प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि आरोपित मीना बदमाशों को पनाह देती है और आर्थिक मदद पहुंचाती है।
तीन सितंबर की सुबह जिम से बाहर निकलते समय हरभजन सिंह की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात की जिम्मेदारी काला राणा गैंग से जुड़े शुभम पंडित ने पोस्ट वायरल कर ली थी। पूर्व विधायक दिलबाग सिंह का करीबी होने के कारण हत्या करने का दावा किया गया था।
इस केस की जांच सीआईए टू की टीम कर रही है। सीआईए टू ने कुरुक्षेत्र के हरियापुर निवासी आर्यन उर्फ नानी और कंग कालोनी निवासी राकेश को 10 सितंबर को गांव छोटी पाबनी के पास मुठभेड़ के बाद गोली मारकर काबू किया था। दोनों ने पुलिस पर फायरिंग की थी। इस संबंध में थाना छप्पर में केस दर्ज है। दोनों से पूछताछ की जा चुकी है। आर्यन और राकेश ने वारदात को अंजाम देने वाले शूटरों की मदद की थी।
उन्होंने शूटरों को हथियार और कारतूस उपलब्ध कराए थे। इनके अलावा शूटरों की मदद करने वाले कुरुक्षेत्र निवासी विशाल और किशन को भी पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इसके बाद करनाल के गांव पडहाना निवासी 24 वर्षीय मनीष को गिरफ्तार किया गया था और एक अन्य नाबालिग को पकड़ा गया था। फिर सीआईए टू की टीम ने रूशील नंदा व उसकी मां सुनीता को गिरफ्तार किया। इनके ज्वाइंट खाते में विदेश से रुपये मंगवाए गए।
ये रुपये शूटरों व अन्य सहयोगियों तक भिजवाए गए थे। एक अन्य आरोपित न्यू मधु कालोनी निवासी सन्नी को गिरफ्तार किया गया। अब तक इस केस में 10 आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं। हालांकि, अभी तक शूटर पुलिस की पकड़ में नहीं आए हैं। उनकी पहचान हो चुकी है। पुलिस उनकी तलाश में लगी है।
