आढ़तियों की पेमेंट न होने से रोष
रणजीतपुर बिलासपुर व साढौरा अनाज मंडी के आढ़तियों का वेयर हाउस पर दस करोड़ रुपये बकाया है। पेमेंट न होने से आढ़तियों को भारी आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है।
संवाद सहयोगी, बिलासपुर : रणजीतपुर, बिलासपुर व साढौरा अनाज मंडी के आढ़तियों का वेयर हाउस पर दस करोड़ रुपये बकाया है। पेमेंट न होने से आढ़तियों को भारी आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। विभाग व प्रदेश सरकार की ओर से 14 नवंबर के पश्चात धान की खरीद को बंद किया गया था। दो माह बीत जाने के बाद भी आढ़तियों की पेमेंट का भुगतान नहीं हुआ। इसको लेकर आढ़तियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान दलजीत सिंह बाजवा ने कहा कि पेमेंट के भुगतान को लेकर अनेक बार वेयर हाउस के अधिकारियों को अवगत करवाया जा चुका है। लेकिन दो माह बीत जाने के पश्चात आज तक पेमेंट नही की गई है। मार्केट में उनकी देनदारी बकाया रहती है। मजदूरों की पेमेंट भी नहीं हो पाई है। मजदूरों का समय से भुगतान नहीं किया गया तो अगले सीजन में मजदूर नहीं आएंगे। प्रधान ने कहा कि किसानों ने अपनी धान की फसल मंडी में बेची उनको उसका भुगतान समय से कर दिया लेकिन आढ़तियों व व्यापारियों की लेबर की मजदूरी, कमीशन व अन्य खर्चाें का अभी तक भुगतान नहीं किया गया है। मजदूरों के ठेकेदार पेमेंट समय से न होने पर रोजाना उनके दरवाजे पर खड़े मिलते हैं। बिलासपुर अनाज मंडी में 5 करोड़, रणजीत पुर अनाज मंडी में 2 करोड़ व साढौरा अनाज मंडी के आढ़तियों का लगभग तीन करोड़ रुपये का भुगतान बकाया रहता है। आगामी एक दो दिन में होगा भुगतान: सुखदेव
वेयर हाउस के प्रबंधक सुखदेव सिंह ने बताया कि पेमेंट के बारे में उच्च अधिकारियों से बात हो गई है। एक-दो दिन में पेमेंट आढ़तियों के खाते में डाल दी जाएगी। किसी भी आढ़ती को परेशानी नहीं आने दी जाएगी।